बेगूसराय : अपने विवादित बयानों के चलते मीडिया की सुर्खियों में बने रहने वाले केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के सामने मंच से एक बार फिर विवादित बयान दे दिया है। उन्होंने ये बयान वंदे मातरम को लेकर दिया है। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में मुस्लिम समाज के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कब्र के लिए तीन हाथ जगह चाहिए तो इस देश में वंदेमातरम गाना होगा और भारत माता की जय कहना होगा।
गिरिराज सिंह ने कहा कि आरजेडी के उम्मीदवार दरभंगा में कहते हैं कि मैं वंदे मातरम मैं नहीं बोलूंगा। बेगूसराय में भी कुछ ऐसे लोग आकर बड़े भाई का कुर्ता और छोटे का पायजामा पहनकर घूम रहे हैं। लेकिन मैं उन्हें कहना चाहता हूं जो वंदे मातरम नहीं बोल सकता जो भारत की मातृभूमि को नमन नहीं कर सकता, अरे गिरिराज के तो बाबा दादा सिमरिया घाट में गंगा के किनारे मरे और उस भूमि पर हमने कोई कब्र नहीं बनाई।
तुम्हें तो तीन हाथ की जगह भी चाहिए। अगर तुम नहीं कर पाओगे तो देश कभी माफ नहीं करेगा। हाल ही में गिरिराज सिंह ने हरे रंग के इस्लामिक झंडे पर बैन लगाने की बात कही थी। उनका कहना था कि हरे रंग के झंडे को मुसलमानों से जुड़े राजनीतिक और धार्मिक संगठनों से जोड़ कर देखा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे झंडे समाज में घृणा फैलाते हैं और पाकिस्तान में होने की धारणा बनाते हैं।


Download Android App
Download iOS App



