पटना में इंडिगो स्टेशन मैनेजर की हत्या, तेजस्वी बोले- नीतीश कुमार से बिहार नहीं संभल रहा है, इस्तीफा दें

Summary :

पटना के शास्त्रीनगर थाना अंतर्गत पुनाईचक मोहल्ला स्थित अपने घर लौट रहे इंडिगो एयरलाइंस के पटना एयरपोर्ट पर स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की बीती शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

बिहार में एक बार फिर अपराधियों के हौंसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना अंतर्गत पुनाईचक मोहल्ला स्थित अपने घर लौट रहे इंडिगो एयरलाइंस के पटना एयरपोर्ट पर स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की बीती शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक पर सवार अपराधियों ने रूपेश पर ताबड़तोड़ 6 राउंड फायरिंग की। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
वारदात के बाद एक बार फिर नीतीश सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर राज्य सरकार को घेरते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, अनैतिक और अवैध सरकार के संरक्षण में अपराधों और दुष्कर्मों की प्रतिदिन संख्या बढ़ना NDA की सामूहिक विफलता है। नीतीश जी द्वारा अपराधों को छिपाने की चेष्टा एवं उसे स्वीकार नहीं करना ही सबसे बड़ा अपराध और अपराधियों के लिए रामबाण है। उनसे बिहार नहीं संभल रहा, वो अविलंब इस्तीफ़ा दें।


जन अधिकार पार्टी के संरक्षक व पूर्व सांसद पप्पू यादव ने भी इस घटना पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा, CM आवास से 1 KM दूरी पर पुलिस मुख्यालय और सचिवालय के बगल में इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारी रूपेश सिंह की हत्या से साफ है कि बीजेपी-जदयू की सरकार अपराधियों की शागिर्द है। इसे एक मिनट सत्ता में रहना नहीं चाहिए। इस हत्याकांड के सीबीआई जांच का तत्काल आदेश दें सीएम नीतीश कुमार।


इंडिगो के स्टेशन मैनेजर रूपेश कुमार सिंह की हत्या के बाद बिहार में सियासत शुरू हो गई है। एयरलाइन ने घटना की पुष्टि की और एक वक्तव्य में कहा, ‘‘पटना हवाईअड्डे के मैनेजर के निधन से बहुत दुख पहुंचा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं।’’ इसमें आगे कहा गया, ‘‘हम परिवार के संपर्क में हैं तथा उन्हें पूरा समर्थन दे रहे हैं। इस मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग कर रहे हैं।’’ पटना में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा ने वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Desk Team