बिहार में अपने कनिष्ठ गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के साथ हाल में हुए तकरार के लिए ‘‘छुटभैए’’ नेताओं को जिम्मेवार ठहराते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने मंगलवार को दावा किया कि किसी ने भी इस दल की उतनी ‘‘मदद’’ नहीं की है, जितनी उन्होंने की है। लालू प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह देश के सबसे अहंकारी व्यक्ति हैं।
एक बार जब देश का प्रधानमंत्री बनने का नीतीश का सपना टूट गया, तो वह भाजपा की गोद में बैठ गए
“वह (नीतीश कुमार) प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नजर रख रहे थे। उनकी पार्टी के नेताओं ने उन्हें पीएम मेटेरियल के रूप में पेश किया। भाजपा शीर्ष नेतृत्व इस तथ्य से अच्छी तरह वाकिफ है। एक बार जब देश का प्रधानमंत्री बनने का उनका सपना टूट गया, तो वह भाजपा की गोद में बैठ गए और बिहार में सरकार बनाई।” तीन साल बाद बिहार लौटे लालू ने कहा कि वह आज भी कांग्रेस को ‘‘राष्ट्रीय विकल्प’’ के रूप में मानते हैं जिसकी देश को जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस के साथ हालिया तकरार के लिए ‘‘छुटभैए’’ नेताओं को जिम्मेवार ठहराया।
तेजस्वी ने बहुत अच्छा काम किया है
राजद द्वारा तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने का ‘एकतरफा’ फैसला करने पर कांग्रेस ने अगले लोकसभा चुनाव में बिहार में अकेले मैदान में उतरने की घोषणा की थी। इस पर लालू ने कांग्रेस पर तीखे हमले किए थे । कई बीमारियों से पीड़ित लालू ने कहा कि वह बुधवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करेंगे । उन्होंने इन विधानसभा क्षेत्रों में अपने छोटे पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव द्वारा चलाए जा रहे प्रचार अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि तेजस्वी ने बहुत अच्छा काम किया है।
RJD की जीत के बाद सत्तारूढ़ राजग में भगदड़ मच जाएगी
लालू ने दावा किया कि इन दोनों सीटों पर उनकी पार्टी की जीत के बाद सत्तारूढ़ राजग में भगदड़ मच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारती जनता पार्टी नीत राजग गठबंधन ने पिछले साल विधानसभा चुनाव के नतीजों में हेरफेर कर सत्ता हासिल की थी। अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए लालू ने कहा, ‘‘उनकी कभी प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा थी। उनकी घटती लोकप्रियता को देखते हुए भाजपा और नरेंद्र मोदी को सोचना चाहिए कि उनका क्या किया जाए।’’
कांग्रेस को कोई उतना नहीं जानता जितना मैं जानता हूं। किसी ने भी इसका उतना बचाव नहीं किया
लालू ने कांग्रेस के साथ गतिरोध के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘कांग्रेस को कोई उतना नहीं जानता जितना मैं जानता हूं। किसी ने भी इसका उतना बचाव नहीं किया, जितना मैंने किया ।’’ राजद सुप्रीमो ने कांग्रेस के बारे में कहा, ‘‘ यह एक राष्ट्रीय पार्टी है जो स्पष्ट रूप से भाजपा का विकल्प है। यह छुटभैया हैं जो सब कुछ खराब कर रहे हैं।’’
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने बिहार के कांग्रेस प्रभारी भक्तचरण दास के संबंध में राजद सुप्रीमो की एक हालिया टिप्पणी को लेकर कहा कि ऐसे शब्दों का उपयोग करने के लिए उनके खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। लालू के कट्टर विरोधी भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘कांग्रेस में यदि हिम्मत है तो सोनिया गांधी पार्टी के दलित नेता भक्तचरण दास पर लालू प्रसाद की भद्दी टिप्पणी के बाद राजद से संबंध तोडने की घोषणा करें।’’


Download Android App
Download iOS App



