Muzaffarpur 30 Lakh Robbery : मुज्जफरपुर के राजखंड गांव में शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए वायुसैनिक के घर पर डाका डाला। बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर बंदूक की नोंक पर वायुसैनिक की बुजुर्ग मां को बंधक बना लिया और 70 हजार रुपये कैश समेत करीब 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज डकैती के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
Retired Teacher Robbery : सीढ़ी के सहारे घुसे बदमाश

वायुसैनिक के पिता और रिटायर्ड प्रधानाध्यापक शंकर दयाल (62) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की रात वह घर के बाहरी हिस्से पर सोए हुए थे। देर रात करीब साढ़े 12 बजे चार से पांच की संख्या में आए नकाबपोश बदमाश सीढ़ी के सहारे घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने अंदर सो रही उनकी पत्नी सुनीता देवी (61) को बंदूक दिखाकर डराया और चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला की आंखों पर पट्टी बांध दी और रस्सी से उनके हाथ-पैर बांधकर उन्हें बंधक बना लिया। भयभीत महिला से अलमारियों की चाबियां और लॉकर की जानकारी उगलवाने के बाद बदमाशों ने तांडव शुरू कर दिया।
Muzaffarpur Retired Teacher Dacoity : 30 लाख के गहने और कागजात गायब
बदमाशों ने घर के अंदर रखे ट्रंक और अलमारी को कटर व अन्य औजारों से तोड़ डाला। उन्होंने वहां रखे करीब 200 ग्राम सोने के जेवर, एक किलो चांदी के आभूषण, 70 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेक बुक और एटीएम कार्ड (ATM card) समेत कई जरूरी सरकारी कागजात समेट लिए।
करीब दो घंटे तक पूरे घर को खंगालने के बाद रात ढाई बजे बदमाश बाहर से दरवाजा लॉक करके भाग निकले। शंकर दयाल ने बताया कि घर में सिर्फ वे और उनकी पत्नी अकेले रहते हैं। उनका बड़ा बेटा राजस्थान में एयरफोर्स में तैनात है और छोटा बेटा छत्तीसगढ़ के रायपुर में नौकरी करता है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




