बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बिहार आगमन पर राजनीतिक बयानबाजी तेज

Summary :

धीरेंद्र शास्त्री के बिहार दौरे पर सियासत गरमाई

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बिहार के गोपालगंज आ रहे हैं। भोरे प्रखंड के रामनगर स्थित श्रीराम जानकी मठ में 6 मार्च से श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। इसमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं को हनुमंत कथा का रसपान कराएंगे। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बिहार आने को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है।

राजद के विधायक राकेश रौशन ने कहा कि इस साल विधानसभा चुनाव होने वाला है। प्रधानमंत्री आ चुके हैं और बहुत सारे लोग आएंगे। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आ रहे हैं। वह धुव्रीकरण के लिए जाने जाते हैं। ये तो सनातन धर्म के नाम पर देश में जो गंगा-जमुनी तहजीब है, उसे मिटाना चाहते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार बुद्ध और महावीर की धरती है, इसलिए इस धरती पर उनका कुछ चलने वाला नहीं है। बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार तेजस्वी की सरकार हो। भाजपा के विधायक लखेंद्र पासवान ने कहा कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बिहार आ रहे हैं, हम लोग उनके स्वागत को लेकर तैयार हैं। उनके आने से बहुत लोग बौखला भी जाएंगे। सनातन धर्म का प्रचार हो रहा है, तो यह अच्छी बात है। सभी लोग खुश हैं। बहुत लोग चाह रहे हैं, वे आएं।

कथा वाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री 5 से 10 मार्च तक गोपालगंज में रहेंगे। वह भोरे के रामनगर स्थित श्रीराम जानकी मठ में हनुमान जी पर कथा वाचन और चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि 5 मार्च को कलश शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 6 से 10 मार्च तक हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। पंडित धीरेंद्र शास्त्री हर रोज दिव्य दरबार का भी आयोजन करेंगे और श्रद्धालुओं का पर्चा निकालेंगे। कार्यक्रम को लेकर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.