बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (यूनाइटेड) भले ही मिलकर सरकार चला रहे हैं, लेकिन एक-दूसरे दलों के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को चुनावी रणनीतिकार और जद(यू) के उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी पर निशाना साधा है।
प्रशांत किशोर ने सुशील मोदी के एक पुराने वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा है, “लोगों को चरित्र प्रमाण-पत्र देने में सुशील मोदी जी का कोई जोड़ नहीं है। देखिए पहले बोल कर बता रहे थे और अब उपमुख्यमंत्री बना दिए गए तो लिख कर दे रहे हैं। इनकी क्रोनोलॉजी भी बिल्कुल क्लीयर है।”
लोगों को character certificate देने में @SushilModi जी का कोई जोड़ नहीं है।
देखिए पहले बोल कर बता रहे थे और अब DY CM बना दिए गए तो लिख कर दे रहे हैं?? इनकी क्रोनोलॉजी भी बिल्कुल क्लीयर है!! https://t.co/5WwkNXe5IG pic.twitter.com/q9LjnipQMi
— Prashant Kishor (@PrashantKishor) January 25, 2020
वीडियो में सुशील मोदी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विश्वासघाती कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मोदी कह रहे हैं, “नीतीश कुमार इज नॉट बिहार और बिहार इज नॉट नीतीश। उनके डीएनए में विश्वासघात और धोखाधड़ी है।” इस दौरान सुशील मोदी कई लोगों का उदाहरण भी दे रहे हैं। इस वीडियो के साथ प्रशांत किशोर ने सुशील मोदी का एक और ट्वीट भी शेयर किया है, जिसमें मोदी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ कर रहे हैं।
सुशील मोदी के इस ट्वीट में लिखा हुआ है, “नीतीश कुमार जी के साथ यह विडम्बना अक्सर होती है कि अपनी उदारतावश वह जिनको फर्श से उठाकर अर्श पर बैठाते हैं, वही उनके लिए मुसीबत बनने लगते हैं। उन्होंने किसी को अपनी कुर्सी दी, कितनों को राज्यसभा का सदस्य बनवाया, किसी को गैर राजनीतिक गलियों से उठाकर संगठन में ऊंचा ओहदा दे दिया, लेकिन इसमें से कुछ लोगों ने थैंकलेस होने से गुरेज नहीं किया। राजनीति में हमेशा ‘सब जायज’ नहीं होता।” उल्लेखनीय है कि किशोर इन दिनों अपनी पार्टी से भी नाराज चल रहे हैं। कई मौके पर उन्होंने अपनी पार्टी पर भी सवाल उठाए हैं।


Download Android App
Download iOS App



