पटना : गोरखपुर से भाजपा सांसद व भारतीय सिनेमा के सुपर स्टार रवि किशन अपने गृह राज्य बिहार के दौरे पर हैं। इस दौरान आज उन्होंने राज्यपाल फागु चौहान से राजभवन जाकर मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल से भोजपुरी सिनेमा इंडस्ट्री, भाषा और साहित्य को लेकर विस्तार से बातचीत की। साथ ही दुनिया के लिए महामारी का रूप ले चुकी कोरोना वायरस से बचाव के लिए जनजागृति लाने के विषय पर भी रवि किशन ने महामहिम से सुझाव लिए।
रवि किशन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि राज्यपाल से उनकी मुलाकात बेहद खास और सफल रही। इस दौरान उन्होंने महामहिम के साथ भोजपुरी को 8वीं अनुसूची में शामिल करने के लिए सदन में प्राईवेट मेंबर बिल लाने की बात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भोजपुरी दुनियाभर में पसंद की जाने और बोली जाने वाली भाषा बन गई है। इसलिए मैथिली के तर्ज पर अब भोजपुरी को 8वीं अनुसूची में शामिल करने के लिए हमने सदन में मेमोरंडम दिया है।
रवि किशन ने बिहार प्रदेश के नागरिकों से भी कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक होने और एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारतीय रिवाज की तरह किसी से मिलने पर हाथ मिलाने की जगह हाथ जोड़कर अभिवादन करें। हमारे वैदिक परंपरा में हाथ जोड़ने के बेहद फायदे भी हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार का पूरा ध्यान है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री जी ने पहले ही देशवासियों को इससे बचाव के लिए संदेश दिए और कई अहम कदम उठाए। इसके लिए हम उनको धन्यवाद देना चाहते हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन का भी इस पर वायरस के प्रभाव पर पूरी तरह से नज़र हैं। वे हर दिन इसकी समीक्षा भी कर रहे हैं। हम लोगों से यही अपील करेंगे कि सतर्कता ही बचाव है। इसलिए केंद्र सरकार से जारी निर्देशों का पालन करे और स्वस्थ रहें।


Download Android App
Download iOS App



