रामचरितमानस को कचरा बताने वाले बिहार के मंत्री पर धर्मगुरु रामभद्राचार्य का फूटा गुस्सा, कहा – उनको नहीं है सामान्य शिक्षा का ज्ञान

Summary :

रामचरितमानस पर सवाल उठाकर चर्चा का विषय बनाने वाले बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर पर हिंदू धर्म गुरु रामभद्राचार्य ने नाराजगी जाहिर की है।

रामचरितमानस पर सवाल उठाकर चर्चा का विषय बनाने वाले बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर पर हिंदू धर्म गुरु रामभद्राचार्य ने नाराजगी  जाहिर की है। बिहार में हो रहे एक यज्ञ में भाग लेने पटना पहुंचे धर्मगुरु ने कहा कि जिन्हे रामचरितमानस का क, ख, ग, घ का भी ज्ञान नहीं, वे ही ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि रामचरितमानस में एक भी अक्षर गलत नहीं है। लोग उसकी व्याख्या को समझ नहीं पा रहे हैं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि इसे लेकर भयंकर राजनीति की जा रही है। मंगलवार को बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने रामचरितमानस के कई चौपाइयों को कचरा बताते हुए इसे हटाने की बात कही थी।
रामचरितमानस को समझ नहीं पा रहे लोग
धर्मगुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि मैं प्रतिज्ञापूर्वक कह रहा हूं कि रामचरितमानस में एक भी अक्षर गलत नहीं है, लोग इसकी व्याख्या समझ नहीं पा रहे हैं। शिक्षा मंत्री को कुछ आता जाता नहीं है, इसमें मैं क्या बोलूं। बिहार में डंडे की सरकार चल रही है। गुंडों की सरकार है।
अगर किसी को संदेह है  तो चौपाई पर खुलकर करें चर्चा
उन्होंने कहा कि अभी 9 दिन तक वे बिहार के अरवल में हैं और अगर रामचरितमानस पर मंत्री चंद्रशेखर सहित किसी और को संदेह है तो मुझसे मिल लें और किसी भी चौपाई पर चर्चा कर लें। एक एक बात बता दूंगा। उन्होंने दावे के साथ कहा कि रामचरितमानस में एक भी दोहा, एक भी चौपाई या एक भी अक्षर निर्थक नहीं है।

Desk Team