मतदान के बाद बोले सुशील मोदी- बिहार में चुनाव के दौरान हिंसा होती थी, अब शांतिपूर्ण

Summary :

सुशील मोदी ने साथ ही बिहार में महागठबंधन का खाता नहीं खोलने का दावा करते हुए कहा कि बिहार के मतदाता राजग को दोबारा मौका देंगे।

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में रविवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पटना के राजेंद्रनगर स्थित मतदान केंद्र संख्या 49 पर मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि पहले चुनाव के दौरान हिंसा होती थी, लेकिन आज चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो रहे हैं।

सुशील मोदी ने साथ ही बिहार में महागठबंधन का खाता नहीं खोलने का दावा करते हुए कहा कि बिहार के मतदाता राजग को दोबारा मौका देंगे। उन्होंने पुराने दिनों की बात करते हुए कहा, ‘पहले चुनाव के दौरान हिंसा होती थी। ‘बूथ कैप्चरिंग’ शब्द बिहार की देन है। आज चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।’

Sushil Modi

सुशील मोदी ने कहा, ‘ईवीएम पर सवाल उठाकर वे फिर से बैलट पेपर वाले दिन लाना चाहते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।’ उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़ कर मतदान करने की अपील की। अंतिम चरण के तहत बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के तहत बिहार में आठ सीटों पर रविवार को सुबह सात बजे से मतदान शंतिपूर्ण ढंग से जारी है। चुनाव को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सातवें चरण में बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से आठ सीटों- नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

मतदान के बाद बोले नीतीश कुमार- गर्मी में लंबा चुनाव नहीं होना चाहिए

इन क्षेत्रों में करीब 1.52 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के लिए 15,811 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों से 157 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों और बिहार सैन्य बल की तैनाती की गई है। मतदान के लिए 81,000 से ज्यादा मतदानकर्मी लगाए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर इन आठ लोकसभा क्षेत्रों के 10 विधानसभा क्षेत्रों में शाम चार बजे तक ही मतदान होगा जबकि अन्य क्षेत्रों में मतदाता छह बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि बिहार के 40 लोकसभा सीटों के लिए सभी सात चरणों में मतदान होना था। अब तक पहले छह चरणों में 32 सीटों पर मतदान हो चुका है। मतगणना 23 मई को होगी।

Desk Team