बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि राज्य में जातीय जनगणना कराने के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने के संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
भाजपा की ओर से जवाब आने के बाद बैठक की तिथि की घोषणा
श्री कुमार ने सोमवार को यहां ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जातीय जनगणना कराने के मुद्दे पर होने वाली सर्वदलीय बैठक के संबंध में भाजपा को छोड़ कर अन्य दलों की सहमति प्राप्त हो गई है। भाजपा की ओर से जवाब आने के बाद बैठक की तिथि की घोषणा कर दी जाएगी।
असहमति का दृश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सर्वदलीय बैठक करनी है तो सभी दलों की सहमति जरूरी है। अन्य सभी दलों की सहमति आ गई है और एक दल अभी आपस में बातचीत कर रहा है, उसकी भी सहमति जिस दिन आ जाएगी उसके बाद बैठक बुला ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस मुद्दे पर कहीं कोई असहमति का दृश्य आएगा फिर भी यदि कोई आपस में बातचीत करना चाहता है तो कर ले। श्री कुमार ने कहा कि हाल ही में उनकी भाजपा के स्थानीय नेताओं से इस बारे में बात हुई है और उनसे उन्होंने कहा है कि वह इसे देख लें।


Download Android App
Download iOS App



