मुंबई, 28 जनवरी (आईएएनएस)। ‘बर्फी’, ‘जग्गा जासूस’, ‘लूडो’, और ‘मेट्रो इन दिनों’ जैसी फिल्मों में शानदार हिट गाने देने वाले सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कह दिया है।
सिंगर ने संन्यास का फैसला तब लिया है जब वे अपने करियर के कई हिट गाने दे चुके हैं। अब उनके फैसले पर सिंगर अरमान मलिक ने अपना पक्ष रखा है। सिंगर के फैसले का सम्मान करते हुए उन्हें दिल से आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
अरिजीत सिंह की आवाज कई लोगों के लिए प्रेरणा रही है, और अरमान मलिक भी उन्हीं सिंगर्स में से एक हैं। उन्होंने सिंगर के संन्यास लेने के फैसले पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आत्मा खुद समझ लेती है कि अब रास्ता बदलने का समय आ गया है, क्योंकि जो सामने है, वह अब उसके सबसे ऊंचे उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रहा। मुझे यह नहीं पता कि नदी फिर कहां जाकर समुद्र से मिलेगी, लेकिन मैं उसकी धारा पर और उसे दिशा देने वाली ईश्वरीय कृपा पर भरोसा करता हूं। आगे आने वाले जादू के लिए शुभकामनाएं! प्लेबैक गायन की कला को आपने जो कुछ भी दिया, उसके लिए दिल से धन्यवाद।”
अरिजीत ने मंगलवार को देर रात सोशल मीडिया पर हिंदी सिनेमा में गीत नहीं गाने को लेकर पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था, “हैलो, आप सभी को नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं। इतने सालों से श्रोताओं के रूप में मुझे जो इतना प्यार दिया है, उसके लिए आप सबका धन्यवाद। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं एक प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई भी नया काम नहीं लूंगा। मैं इसे यहीं खत्म कर रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।”
गौर करने वाली बात ये है कि सिंगर भले ही हिंदी सिनेमा में अपनी आवाज नहीं देंगे लेकिन अब वे कई इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के साथ कई ऊंचाइयों की तलाश में हैं। उन्होंने संगीत से संन्यास नहीं लिया है। सिंगर 2027 में कई बड़े प्रोजेक्ट और टूर करने वाले हैं। 2027 से सिंगर का वर्ल्ड टूर शुरू होगा, जिसमें वे लाइव शो के साथ वर्चुअल रियलिटी कॉन्सर्ट्स भी करेंगे।
अरिजीत अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक इंडस्ट्री में इंटरनेशनल कलाकारों के साथ भी काम करते दिखते हैं। साल 2025 में उन्होंने एड शीरन के साथ ‘सफायर’ और मार्टिन गैरिक्स के साथ मिलकर ‘एंजल्स फॉर इज अदर’ गाया था। इसके अलावा, सिंगर ने इंडिपेंडेंट म्यूजिक की बात हमेशा की है और कहा जा रहा है कि वे अब सोलो सॉन्ग पर ज्यादा फोकस करने वाले हैं।
–आईएएनएस
पीएस/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



