बॉलीवुड एक्ट्रेस नीना गुप्ता अपनी ऑटोबायोग्राफी ‘सच कहूं तो’ की वजह से हमेशा चर्चा में रहती हैं। अपनी इस किताब के जरिए वह फिल्मी करियर के अलावा निजी जिंदगी को लेकर ढेर सारे खुलासे भी कर चुकी हैं। नीना गुप्ता ने अपनी किताब ‘सच कहूं तो’ में बचपन में हुई उनके साथ दिल दहला देने वाली घटना के बारे में भी बताया है। उन्होंने खुलासा किया है कि बचपन में उनके साथ एक डॉक्टर और दर्जी ने छेडछाड़ की थी। लेकिन उन्होंने डर के मारे मां को नहीं बताया।

नीना गुप्ता ने अपनी किताब में बताया है कि बचपन में उनका एक बार डॉक्टर और एक बार एक टेलर ने शोषण किया था और यह बात उन्होंने मां को इस डर से नहीं बताई कि कहीं उसका ब्लेम उन पर ही न आ जाए।

नीना गुप्ता ने अपनी इन दोनों घटना के बारे में जिक्र करते हुए लिखा कि एक डॉक्टर ने उनसे उस समय छेड़छाड़ की थी जब वह एक ऑप्टिशियन के पास गई थी, जहां उनके भाई को बाहर प्रतीक्षा कक्ष में बैठने के लिए कहा गया था। नीना गुप्ता ने किताब में लिखा, ‘डॉक्टर ने मेरी आंख का टेस्ट करना शुरू किया और कुछ देर बाद डॉक्टर मेरी आंख से जुड़ी अन्य चीजों का टेस्ट करने के बहाने नीचे अन्य जगहों का टेस्ट करने लगे। जब यह सब हो रहा था तो मैं बहुत डर गई थी। मैं घर के एक कोने में बैठ गई और रोने लगी जब कोई नहीं देख रहा था, लेकिन मैंने अपनी मां को इस बारे में बताने की हिम्मत नहीं की क्योंकि मैं इतना डर गई थी कि वह कहेगी कि यह मेरी गलती थी। मेरे साथ ऐसा कई बार डॉक्टर ने किया था।’

नीना गुप्ता के साथ दूसरा हादसा तब हुआ जब वह टेलर के पास अपना नाप देने गई थीं। उस घटना का जिक्र करते हुए नीना गुप्ता ने अपनी किताब में लिखा है कि नाप लेते वक्त टेलर ने उनके साथ छेड़छाड़ की थी। वह नाप लेने के बहाने इधर-उधर छू रहा था, जिससे उन्हें काफी असहज महसूस हो रहा था। नीना गुप्ता के मुताबिक, इस घटना के बाद भी उन्हें मजबूरी में कई बार टेलर के पास जाना पड़ा था। नीना गुप्ता ने इस बारे में किताब में आगे लिखा है, ‘मेरे पास कोई और चारा ही नहीं था। ऐसा लगा जैसे कोई और ऑप्शन ही नहीं है। अगर मां को बताती कि मैं टेलर और डॉक्टर के पास नहीं जाना चाहती तो वह मुझसे वजह पूछतीं और फिर मुझे बताना पड़ता।’

नीना गुप्ता ने अपनी इस किताब में लिखा है कि उन्हें बाद में पता चला कि बहुत सी लड़कियों ने ऐसी चीजें झेलीं, लेकिन कोई भी अपने मां-बाप को बताने की हिम्मत नहीं कर पाई। अपनी इस किताब में नीना गुप्ता ने सिंगल मदर से लेकर बेटी मसाबा गुप्ता और क्रिकेटर सर विवियन रिचर्ड्स के साथ अपनी लव स्टोरी के बारे में भी खुलासा किया।


Download Android App
Download iOS App



