टीवी के फेमस सीरियल ‘सहर होने को है’ में इन दिनों एक के बाद एक कई चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिल रहे हैं। शो में आए लीप के बाद से कहानी पूरी तरह बदल चुकी है। अब सहर के किरदार में भाविका शर्मा नजर आ रही हैं, वहीं माहिद के रोल में पार्थ समथान दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। लेकिन आज के एपिसोड में कुछ ऐसा होने वाला है, जिससे सहर की जिंदगी में भूचाल आ जाएगा। सहर का मेडिकल करियर हमेशा के लिए खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है, और इसकी वजह कोई और नहीं बल्कि खुद माहिद है।
सहर ने लखनऊ जाने से किया इनकार, याद आया मां की मौत का दर्द

कहानी की शुरुआत में देखने को मिलता है कि डॉक्टर फरीद, सहर के काम से बेहद इम्प्रेस्सेड हैं। सहर ने जिस तरह से बच्चे ‘कैस’ की जान बचाई, उसे देखकर डॉक्टर फरीद उसे लखनऊ के अस्पताल में नौकरी का बड़ा ऑफर देते हैं।
लेकिन सहर इस शानदार ऑफर को सीधे ठुकरा देती है। वह साफ कह देती है कि वह अब कभी लखनऊ वापस नहीं जाएगी। असल में, लखनऊ का नाम सुनते ही सहर को अपनी मां कौसर की मौत का वो भयानक सीन याद आ जाता है, जिसे वह कभी भूल नहीं सकती।
माहिद की एक तारीफ और सहर ने चुराई कैस की मेडिकल रिपोर्ट

ट्विस्ट तब आता है जब माहिद सीनियर डॉक्टर के सामने सहर की खूब तारीफ करता है। माहिद बताता है कि सहर ने एक खास और नया इंजेक्शन देकर कैस की जान बचाई है। लेकिन यही तारीफ सहर के लिए आफत बन जाती है। सीनियर डॉक्टर बताती हैं कि वह इंजेक्शन अभी तक मार्केट में लॉन्च ही नहीं हुआ है, इसलिए कैस के दोबारा टेस्ट करने होंगे।
अपनी इस बड़ी गलती को छुपाने के लिए सहर अस्पताल से कैस की मेडिकल रिपोर्ट चुरा लेती है। माहिद उसे ऐसा करते हुए रंगे हाथों पकड़ लेता है, जिसके बाद दोनों के बीच बहस होती है। प्रोमो में तो सहर गुस्से में माहिद का गला तक दबा देती है और उसे देख लेने की धमकी देती है।
सीनियर डॉक्टर ने थमाया टर्मिनेशन लेटर, सहर के डॉक्टर बनने पर लगी रोक

इसके बाद सीरियल में सबसे बड़ा धमाका होता है। अस्पताल के नियमों (प्रोटोकॉल) को तोड़ने और रिपोर्ट चुराने के इल्जाम में सीनियर डॉक्टर सहर को नौकरी से निकाल देती हैं और उसके हाथ में टर्मिनेशन लेटर थमा देती हैं। बात यहीं खत्म नहीं होती, कैस के माता-पिता भी सहर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा देते हैं।
इस वजह से सहर पर किसी भी दूसरे अस्पताल में डॉक्टरी की प्रैक्टिस करने पर हमेशा के लिए रोक (बैन) लगा दी जाती है। सहर का पूरा करियर बर्बाद हो जाता है। मुसीबत में फंसी सहर जब माहिद को मिलने के लिए बुलाती है, तो माहिद भी उससे दूरी बना लेता है और मिलने से मना कर देता है। अब देखना होगा कि क्या सहर खुद को बेगुनाह साबित कर पाएगी?























