ओटीटी की चर्चित पॉलिटिकल-ड्रामा सीरीज ‘महारानी’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हुमा कुरैशी स्टारर इस सीरीज के पांचवें सीजन यानी ‘महारानी 5’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। बिहार की सियासत, राजनीतिक चालबाजियों और रानी भारती के दमदार अंदाज को दिखाने वाली यह सीरीज अब रिलीज होने की तैयारी में है। इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म Sony LIV पर स्ट्रीम किया जाएगा। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इसकी ऑफिशियल रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है।
‘महारानी 5’ की शूटिंग हुई खत्म

हुमा कुरैशी एक बार फिर रानी भारती के किरदार में दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं। एक मीडिया हाउस की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘महारानी सीजन 5’ की शूटिंग ऑफिशियल तौर पर पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही मेकर्स ने सीरीज के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम भी शुरू कर दिया है। हालांकि शूटिंग खत्म होने के बाद अब दर्शकों की नजरें इसके ट्रेलर और रिलीज डेट पर टिकी हैं।
जनवरी 2027 में हो सकती है रिलीज

‘महारानी 5’ की रिलीज को लेकर भी एक अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स और मीडिया में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, इस सीरीज को जनवरी 2027 की शुरुआत में Sony LIV पर रिलीज किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक प्लेटफॉर्म या मेकर्स की ओर से इस तारीख की ऑफिशियल पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फैंस को रिलीज डेट के ऐलान का इंतजार करना होगा।
लद्दाख, दिल्ली और भोपाल में हुई शूटिंग

इस बार ‘महारानी’ की कहानी को बड़े लेवल पर फिल्माया गया है। इस सीरीज के पांचवें सीजन की शूटिंग लद्दाख, दिल्ली और भोपाल की अलग-अलग लोकेशन्स पर की गई है। इन जगहों पर शूटिंग के जरिए मेकर्स ने कहानी को नया एंगल देने की कोशिश की है। बिहार की फिक्शनल राजनीतिक बैकग्राउंड पर बेस्ड इस सीरीज में इस बार भी सत्ता और साजिश का दिलचस्प खेल देखने को मिल सकता है।
सुभाष कपूर ने संभाली निर्देशन की जिम्मेदारी

‘महारानी’ के पिछले चारों सीजन को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ऐसे में अब पांचवें सीजन का निर्देशन भी सुभाष कपूर ही कर रहे है। इस सीरीज की कहानी और इसके राजनीतिक उतार-चढ़ाव को दर्शकों के सामने पेश करने में उनका अहम योगदान रहा है। इसी वजह से इस नए सीजन से भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
बेटे की हत्या का बदला लेंगी रानी भारती?
‘महारानी 4’ के आखिरी एपिसोड में आए चौंकाने वाले मोड़ के बाद अब पांचवें सीजन की कहानी आगे बढ़ेगी। इस बार रानी भारती यानी हुमा कुरैशी अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए स्ट्रगल करती नजर आ सकती हैं। इसके साथ ही वह अपने खिलाफ रची गई राजनीतिक साजिशों का पर्दाफाश करने और दोषियों को सजा दिलाने की कोशिश करेंगी। ऐसे में ‘महारानी 5’ में बदले, न्याय, सत्ता की लड़ाई और राजनीतिक षड्यंत्रों का जबरदस्त कॉम्बीनेशन देखने को मिल सकता है। ऐसे में अब ये देखना बेहद ही दिलचस्प होगा कि रानी भारती अपने दुश्मनों से कैसे मुकाबला करती हैं और बिहार की सियासत में आगे क्या नया मोड़ आता है।


Download Android App
Download iOS App




