Petrol Diesel Excise Duty: मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण देश में पेट्रोल और डीजल की दिक्कत शुरू हो गई है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमत भी प्रति बैरल 100 डॉलर से ज्यादा है। इस बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने का बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये कर दिया गया है, वहीं डीजल पर 10 रुपये से घटाकर जीरो कर दिया गया है।
ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच चल रही जंग के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती का फैसला लिया है, जिसे आम जनता और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। इस कदम का सीधा असर ईंधन की कीमतों पर पड़ेगा, जिससे तेल कंपनियों और लोगों की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होता है।
The Government of India cuts the special additional excise duties on petrol to Rs 3 per litre from Rs 13 per litre and on diesel to Nil (Zero) from Rs 10 per litre pic.twitter.com/qCaNJlSF62
— ANI (@ANI) March 27, 2026
Petrol Diesel Excise Duty: क्या सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल?
सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के बाद अब ये सवाल उठ रहा है कि क्या इनकी कीमतें भी कम होंगी? दरअसल आम उपभोक्ताओं के लिए यह खबर उतनी राहत भरी नहीं हो सकती, जितनी देखने में लग रही है। सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोल-डीजल कि कीमतों में कमी आने कि संभावना कम है।
Nayara Energy Petrol Price Hike: नायरा ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम
गुरुवार को एक प्राइवेट तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए थे। पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये महंगा किया गया। कंपनी का कहना है कि सरकार प्राइवेट कंपनियों को कोई राहत नहीं देती, इसलिए नुकसान पूरा करने के लिए दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। देशभर में कंपनी के 6,900 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं।
Fuel Prices Hike India: युद्ध की वजह से बढ़ाई गई कीमतें
ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर नाकाबंदी कर दी है। जिस वजह से वैश्विक तेल आपूर्ति ठप होने का डर है। दुनिया भर का लगभग 20-25% कच्चा तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है। भारत अपनी कच्ची तेल की जरूरत का 40 से 50% हिस्सा इसी रास्ते से आयात करता है। साथ ही 33 करोड़ घरों में इस्तेमाल होने वाली LPG का एक बड़ा हिस्सा भी इसी मार्ग से आता है।























