मुंबई : वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी से बीएसई का सेंसेक्स शुक्रवार को 264 अंक चढ़कर बंद हुआ। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का 30 कंपनी शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 263.86 अंक यानी 0.71 प्रतिशत बढ़कर 37,332.79 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 37,397.97 अंक और नीचे में 36,829.81 अंक तक गया।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 74.95 अंक यानी 0.68 प्रतिशत बढ़कर 11,023.25 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वालों में येस बैंक, सन फार्मा, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर, वेदांता, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी, एचडीएफसी और बजाज आटो में रही। इनमें 3.75 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
वहीं, दूसरी ओर पावर ग्रिड, ओएनजीसी, एचसीएल टेक, कोटक बैंक, एलएंडटी, एनटीपीसी, एसबीआई और एशियन पेंट्स के शेयर 2.12 प्रतिशत तक गिर गए। कोटक सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (अनुसंधान पीसीजी) संजीव जरबादे ने कहा कि सरकार से नीतिगत समर्थन और अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने की उम्मीदों से बाजार में नई आशा देखने को मिली है। इसके अलावा, निवेशक चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के आंकड़ों का भी इंतजार कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



