पीरागढ़ी आग हादसा: CM केजरीवाल ने जताया दुख, बोले- मलबे में फंसे लोगों के लिए करता हूं प्रार्थना

Summary :

दिल्ली के पीरागढ़ी में आज एक फैक्ट्री में आग लगने के बाद विस्फोट हो गया जिससे इमारत ढह गई। हादसे पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दुख जताया और कहा कि वह हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं।

दिल्ली के पीरागढ़ी में आज सबह एक फैक्ट्री में आग लगने के बाद विस्फोट हो गया जिससे इमारत ढह गई। हादसे पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दुख जताया और कहा कि वह हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं। 
वही, कई लोग मलबे के अंदर फंसे हुए हैं और बचाव अभियान जारी है। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, “हादसे के बारे में जानकर बेहद दुख हुआ। हालात पर करीब से नजर रख रहा हूं। दमकलकर्मी हर संभव कोशिश कर रहे हैं। प्रार्थना कर रहा हूं कि मलबे में फंसे लोग सुरक्षित हों।” 
वही, दिल्ली दमकल सेवा मुख्यालय के मुताबिक, “आग लगने की सूचना तड़के करीब 4.30 बजे मिली। सूचना मिलते ही सबसे पहले मौके पर दमकल के सात वाहन भेजे गए। आग मगर तब तक बेकाबू हो चुकी थी। सूचना मिलने पर आग बुझाने के लिए करीब 35 और दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। साथ ही दिल्ली दमकल सेवा के अन्य जवान और विशेषज्ञ भी घटनास्थल पर पहुंचा दिए गए।” 
आग बुझाने के दौरान ही इमारत के में भीषण धमाका हो गया। जिससे आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके के अधिकांश रास्तों पर बैरीकेड लगाकर उन्हें बंद कर दिया ताकि तमाशबीनों की भीड़ को रोक कर दमकल वाहनों को सीधे मौके पर पहुंचने में कोई परेशानी या व्यवधान उत्पन्न न हो। 
मौके पर मौजूद एक दमकल अधिकारी ने कहा, “आग भीषण है। अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। हां, इमारत में विस्फोट से हमारे भी कई जवान अंदर फंस गए हैं। उन्हें भी सकुशल बाहर निकालने की कोशिशें की जा रही हैं। इमारत के भीतर धमाका हुआ और वो ढह गई। अभी कुछ भी कह पाना मुश्किल है। दमकल जवानों के अलावा आग में अंदर पहले से कितने लोग मौजूद थे। फिलहाल इसका भी पता नहीं लग पाया है।”  

Desk Team