नई दिल्ली : सीबीएसई द्वारा 10वीं के मैथ और 12वीं के अर्थशास्त्र का पेपर दोबारा करवाए जाने के फैसले के विरोध में छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। जहां कल तक विद्यार्थी सीबीएसई के इस फैसले की सोशल मीडिया पर आलोचना कर रहे थे, वहीं गुरुवार को छात्रों का रोष सड़कों पर उतर आया। सीबीएसई के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर पर छात्रों का जमावड़ा लगा। न केवल दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, बल्कि हरियाणा के करनाल से आकर विद्यार्थी प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान छात्रों ने ‘सीबीएसई हाय-हाय’ और ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाकर बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों ने कहा कि सीबीएसई की लापरवाही का खामियाजा वे क्यों भुगतें? उन्होंने दोबारा पेपर देने से साफ इंकार कर दिया है। प्रदर्शन में मौजूद 12वीं के छात्र सुमित ने बताया कि 9 मार्च को बिजनेस स्टडीज के पेपर से ही उन्हें पेपर लीक होने की जानकारी मिल गई थी। 15 मार्च को हुआ अकाउंटेंसी का पेपर भी उनके पास एक रात पहले यानी 14 मार्च की रात को वाट्सएप पर आ गया था। उन्होंने प्रश्न तो पढ़े, लेकिन फेक पेपर समझकर उन प्रश्नों की तैयार नहीं की। अगले दिन जब परीक्षा में बैठे तो देखा कि प्रश्नपत्र में सभी प्रश्न डिट्टो वही थे।
‘नो रिटेस्ट’ मुहिम की शुरुआत
प्रदर्शन के दौरान 10वीं व 12वीं के छात्रों ने सीबीएसई के दोबारा पेपर करवाने के फैसले के विरोध में #नो रिटेस्ट की मुहिम चलाई। सोशल मीडिया पर छात्रों की इस मुहिम को बल मिला है। शिक्षक व शिक्षक संस्थान छात्रों की इस मुहिम को पूरा समर्थन दे रहे हैं। छात्रों का कहना है कि दोबारा पेपर उनका नहीं, बलिक सिस्टम का होना चाहिए।
एनएसयूआई ने दिया समर्थन
इस प्रदर्शन में एनएसयूआई के अध्यक्ष रॉकी तुसिद भी छात्रों को समर्थन देने पहुंचे। इस दौरान तुसिद ने कहा कि छात्रों की इस हक की लड़ाई में एनएसयूआई उनके साथ है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में सारा दोष सीबीएसई का है, लेकिन अपनी गलती मानने के बजाए वह दोबारा पेपर करवाकर वह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
ट्यूशन टीचर्स ने भी की सीबीएसई की निंदा
ट्यूशन टीचर रोहित का कहना है कि सीबीएसई बोर्ड के पेपर लीक होना वाकई में गंभीर विषय है। उनके पास पढ़ने वाले अधिकतर बच्चे परीक्षाओं की शुरुआत से ही उन्हें बता रहे थे कि बोर्ड के पेपर लीक हुए हैं, लेकिन उन्होंने इस बात पर विश्वास नहीं किया और बच्चों को इस पर ध्यान न देने की सलाह दी। अब सब कुछ सामने आ गया है।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



