केंद्र दिल्ली की सभी कच्ची कॉलोनी तुड़वा देगा : केजरीवाल

Summary :

उनका कहना है कि इन कच्ची कॉलोनियां के लिए जीत कर आने के चार महीने बाद ही आदेश दे दिया था, लेकिन केंद्र सरकार ने फाइल अटका दिया।

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। बवाना विधानसभा में 11 कॉलोनियों में 172 गलियों और 344 नालियों के कार्य का शिलान्यास करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम को दिल्ली की कच्ची कॉलोनियां अच्छी नहीं लगती हैं, इसलिए वे इन्हें तुड़वाकर अंबानी और अडानी को देना चाहते हैं, जो यहां पर बड़ी-बड़ी इमारतें बनाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के लिए वोट मांगते हुए कहा कि जब तक वह जिंदा हैं, तब तक दिल्ली में किसी की भी दुकान और मकान नहीं टूटने देंगे। मुुख्यमंत्री ने बताया कि यहां बनने वाले सभी गलियों की लंबाई करीब 21 किमी और नालियों की लंबाई करीब 42 किमी है। इसके बन जाने से इलाके के करीब 40 हजार परिवारों को इसका फायदा मिलेगा।

इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की सभी अनधिकृत कालोनियों में भी गलियों, नालियों, सीवर और पानी की पाइप लाइन का काम किया जा रहा है, क्योंकि इसके बगैर डीडीए इन्हें पास नहीं करेगी। इन सभी कालोनियों के काम भी इस साल के अंत तक पूरे हो जाएंगे। उनका कहना है कि इन कच्ची कालोनियों के लिए जीत कर आने के चार महीने बाद ही आदेश दे दिया था, लेकिन केंद्र सरकार ने फाइल अटका दिया।

Desk Team