Chandrawal Water Treatment Plant: दिल्ली जलबोर्ड के चन्द्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) से गुरुवार को पानी का उत्पादन पूरी क्षमता के साथ शुरु हो गया है। दिल्ली जलबोर्ड के अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से बुधवार रातभर में 90 प्रतिशत जल आपूर्ति बहाल कर दी गई। बाकी की जलापूर्ति गुरुवार को दोपहर तक बहाल कर दी गई। जिसके बाद चन्द्रावाल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ने अपनी शत प्रतिशत क्षमता के साथ काम करना शुरु कर दिया। इससे प्लांट से जुड़े सभी इलाकों में जलापूर्ति सामान्य हो गई।
जलबोर्ड की कार्रवाई से पानी सप्लाई सुधरी
इससे पहले बुधवार को जलबोर्ड अधिकारियों ने बताया था कि वर्तमान में 18 एमजीडी क्षमता के दो पंप सेट संचालन में थे। इसके अतिरिक्त 11 एमजीडी की क्षमता के दो पंप सेट जो नो लोड स्थिति में चल रहे थे, जिन्हें जल्दी लोड पर लिया गया। उपरोक्त के आधार पर बुधवार रात्रि तक जलापूर्ति क्षमता में बढ़ावा होने के बाद गुरुवार को जलापूर्ति को चरणवार तरीके से विभिन्न क्षेत्र में बहाल कर दिया गया।
चंद्रावल प्लांट हादसे के बाद पानी सप्लाई बहाल
बता दें कि गलत 22 मार्च को चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में 600 मिमी व्यास की बैकवॉच पाइपलाइन फट गई थी। इससे पंप हाउस में पूरी तरह से पानी भर गया था। जिसके चलते पंपिंग संचालन बंद करना पड़ा था। प्लांट का काम रुक जाने से मध्य दिल्ली के कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई थी। इसके बाद दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्लांट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बहाल करने के निर्देश दिये। अधिकारियों के निर्देश पर जलबोर्ड की टीमों ने दिन रात काम करके गुरुवार को पूरी तरीके से जलपूर्ति बहाल कर दी।
यह भी पढ़ें: Shreyasi Singh बिहार CM रेस में आगे, क्या दिल्ली की तरह पार्टी करेगी अचानक ऐलान?




















