Chandrawal WTP disruption : नई दिल्ली में चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) से पानी की आपूर्ति फिर से पूरी क्षमता के साथ शुरू हो गई है। दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी समस्या को दूर करने के बाद गुरुवार को प्लांट ने सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही प्लांट से जुड़े सभी इलाकों में जलापूर्ति भी सामान्य हो गई है।
बहाल हुई अधिकांश जलापूर्ति
अधिकारियों के अनुसार बुधवार रात तक लगभग 90 प्रतिशत जलापूर्ति बहाल कर दी गई थी। इसके बाद बची हुई सप्लाई को गुरुवार दोपहर तक चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दिया गया। अब चंद्रावल प्लांट अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में पानी की समस्या खत्म हो गई है।
बढ़ाई गई आपूर्ति क्षमता
बुधवार को जल बोर्ड के अधिकारियों ने बताया था कि उस समय 18 एमजीडी क्षमता के दो पंप सेट चालू थे। इसके अलावा 11 एमजीडी क्षमता के दो अन्य पंप सेट, जो नो-लोड स्थिति में थे, उन्हें भी जल्द ही लोड पर लिया गया। इन व्यवस्थाओं के बाद जलापूर्ति क्षमता में बढ़ोतरी हुई और गुरुवार तक अलग-अलग क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति को धीरे-धीरे बहाल कर दिया गया।
पाइपलाइन फटने से रुका था काम
दरअसल 22 मार्च को चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 600 मिमी व्यास की बैकवॉश पाइपलाइन फट गई थी। इस कारण पंप हाउस में पानी भर गया और पंपिंग का संचालन रोकना पड़ा। इसके चलते मध्य दिल्ली के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई थी।
जल मंत्री के निर्देश
घटना के बाद दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्लांट का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। इसके बाद दिल्ली जल बोर्ड की टीमों ने लगातार काम करते हुए मरम्मत का काम पूरा किया और गुरुवार तक प्लांट से पानी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य कर दी गई।
यह भी पढ़ें – “महिला कोच बना रील्स का स्टेज”… झगड़े, गाली-गलौज और हंगामे के वीडियो वायरल





















