CM Rekha Gupta Cycle Distribution: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर शालीमार बाग विधानसभा के सरकारी स्कूलों में इस वर्ष 10वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली 1100 छात्राओं को साइकिल वितरित की। यह कार्यक्रम पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। साइकिल प्राप्त कर कई छात्राएं भावुक हो उठीं और उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
बेटियों को बताया ‘देवी स्वरूपा’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बेटियों को ‘देवी स्वरूपा’ बताते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और उनके सशक्त भविष्य का संकल्प लेने का पर्व है। उन्होंने सभी उपस्थित नागरिकों को नवरात्रि और दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए ‘जय माता दी’ के जयकारे के साथ वातावरण को ऊर्जा से भर दिया।
महिलाओं के लिए अधिकतम योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में प्रस्तुत दिल्ली बजट में उन्होंने बेटियों, बहनों और महिलाओं के लिए अधिकतम योजनाएं शामिल करने का प्रयास किया है ताकि समाज का यह वर्ग सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके। मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में ‘लखपति बिटिया योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अब दिल्ली में जन्म लेने वाली हर बेटी के भविष्य की आर्थिक नींव सरकार खुद रखेगी।
उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म से लेकर पहली, छठी, नौवीं, बारहवीं कक्षा और फिर कॉलेज के प्रत्येक वर्ष तक सरकार सीधे उसके खाते में आर्थिक सहायता जमा करेगी। ग्रेजुएशन पूरी करने तक हर बेटी को लगभग 1.25 लाख रुपए की सहायता मिलेगी, जिससे वह ‘लखपति बिटिया’ बनकर आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चाहती हैं कि दिल्ली की हर बेटी स्कूल ही नहीं, कॉलेज तक पढ़े, अपने पैरों पर खड़ी हो और अपना भविष्य खुद बनाए।
1,30,000 छात्राओं को इसका मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने छात्राओं से उनकी समस्याएं जानीं तो पता चला कि स्कूल आने-जाने में कठिनाई के कारण कई बार पढ़ाई प्रभावित होती है, यहां तक कि कुछ बच्चियों को स्कूल छोड़ना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने निर्णय लिया कि हर वर्ष नौवीं कक्षा में आने वाली प्रत्येक छात्रा को साइकिल दी जाएगी।
इस वर्ष लगभग 1,30,000 छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां नौवीं की छात्राओं को साइकिल सरकार की ओर से दी जाएगी, वहीं इस अवसर पर 10वीं में पहुंची छात्राओं को उन्होंने व्यक्तिगत पहल के तहत साइकिल भेंट की है। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए छात्राओं से पूछा, ‘साइकिल चलानी आती है ना? अगर नहीं आती तो वह भी सीख लेना। अब आप अपनी पढ़ाई अपने दम पर पूरी करेंगी।’





















