कांग्रेस ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया पर ढाए जुल्म : शाह

Summary :

शाह ने आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा, ‘राजमाता को आपातकाल के दौरान परेशान किया गया। कांग्रेस ने उन पर ढेर सारे सितम ढाए। उन्हें जेल तक भेजा गया।’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर सिंधिया राजघराने की विजयाराजे सिंधिया (राजमाता) को लेकर हमले बोले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजमाता पर बहुत सितम ढाए हैं।

स्थानीय बीटीआई ग्राउंड में कमल शक्ति संवाद सम्मेलन में सोमवार को शाह ने कहा कि ‘भाजपा 12 अक्टूबर से विजयाराजे सिंधिया की जन्मशताब्दी वर्ष मना रही है। राजमाता जनसंघ और भाजपा के लिए मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात में चप्पे चप्पे पर घूमी हैं, और वह मातृ वात्सल्य का रूप रही हैं। उन पर कांग्रेस ने जुल्म ढाए हैं।’

शाह ने आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा, ‘राजमाता को आपातकाल के दौरान परेशान किया गया। कांग्रेस ने उन पर ढेर सारे सितम ढाए। उन्हें जेल तक भेजा गया।’ बता दें कि अमित शाह मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं।

उन्होंने रविवार को होशंगाबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया, और उसके बाद भोपाल में पार्टी नेताओं से एक-एक कर चर्चा की। वह सोमवार सुबह से नेताओं से संवाद करते रहे, और उसके बाद सतना के लिए रवाना हुए।

जब तक सभी राज्यों में भाजपा की जीत नहीं हो तब तक शांत न बैठें कार्यकर्ता : शाह

Desk Team