तमिलनाडु में चक्रवात गज से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए नियुक्त केंद्रीय टीम ने शनिवार को यहां मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी के साथ चर्चा की। इस सात सदस्यीय टीम का नेतृत्व केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी डेनियल ई. रिचर्ड कर रहे हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक टीम के सदस्यों ने सचिवालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके साथ चर्चा की। टीम के पांच सदस्य दिल्ली से कल यहां पहुंचे, जबकि दो सदस्य यहीं मौजूद थे। टीम के अपना आकलन तीन दिनों में पूरा करने की उम्मीद है।
चक्रवात से हुए नुकसान का उनका आकलन तिरूचिरापल्ली के दौरे से शुरू हो रहा है। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री से अपनी मुलाकात के दौरान पलानीस्वामी ने चक्रवात प्रभावित राज्य में राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्रीय सहायता के तौर पर करीब 15,000 करोड़ रूपये की मांग की थी। उन्होंने नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री से एक केंद्रीय टीम नियुक्त करने का भी अनुरोध किया था। चक्रवात में 63 लोगों की जान गई है। नगापत्तनम, तिरूवरूर, तंजौर और पुदुकोट्टई सर्वाधिक प्रभावित जिले हैं।


Download Android App
Download iOS App



