Dabri Flyover Accident: वेस्ट डिस्ट्रिक्ट स्थित पंखा रोड डाबड़ी फ्लाईओवर पर गुरुवार तड़के एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान राजकुमार (25) के तौर पर की है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय को इतनी तेज टक्कर मारी कि वह उछलकर फ्लाईओवर से सीधे नीचे जा गिरा। जिस कारण युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने इस बाबत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक राजकुमार मूल रूप से गांव पटवार, पोड़ैयाहाट, जिला गोड्डा, झारखंड का रहने वाला था और दिल्ली में जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता था। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे में शामिल दुर्घटनाग्रस्त कार डाबड़ी पार्ट-दो निवासी शंकर के नाम पर पंजीकृत है। हादसे के बाद से ही आरोपी कार मौके पर छोड़कर फरार है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे राजकुमार अपनी स्कूटी से डाबड़ी फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान एक कार ने स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी के फ्लाईओवर पर ही परखच्चे उड़ गए, जबकि राजकुमार स्कूटी से उछल कर सीधे फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त स्कूटी और स्विफ्ट कार कब्जे में ले ली है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
Also Read: जाम से मिलेगी मुक्ति, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी ने मिलाया हाथ, बनाया मेगा प्लान


Download Android App
Download iOS App




