16 year Old Boy Weight 275 Kg : राजधानी दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में हैरतअंगेज सर्जरी हुई है। यहां डॉक्टरों ने 275 किलो वजन वाले एक 16 साल के लड़के की सफल बैरिएट्रिक सर्जरी की है। इस सर्जरी में लड़के का लगभग 50 किलो वजन कम हुआ है। अत्यधिक मोटापे और लगभग 100 बॉडी मास इंडेक्स (BMI) के कारण मरीज को सांस लेने में भारी तकलीफ, गंभीर ‘ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया’ और त्वचा में व्यापक संक्रमण की शिकायत थी।
यहां तक कि लड़का इतना वजनी था कि वह ठीक से मूव भी नहीं कर पाता था, कार में भी फिट नहीं होता था। इसके चलते उसे मैटाडोर में लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा। सर्जरी के दो महीने बाद अब उसका वजन घटकर 223 किलोग्राम हो गया है।
सांस लेने में हो रही थी दिक्कत
बता दें, मरीज का वजन अत्यधिक होने के चलते उसे सांस संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ रहा था। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के समय मरीज की काफी नाजुक स्थिति थी। गंभीर समस्याओं के कारण उसे लगभग दो सप्ताह तक इंटेंस चाइल्ड केयर इकाई में रखकर इलाज दिया गया।
अत्यधिक वजन, कम उम्र और एनेस्थीसिया के जोखिमों को देखते हुए सर्जरी से पहले करीब 20 विशेषज्ञों की एक विशेष टीम उसके इलाज में लगी थी। इस मल्टीडिसिप्लिनरी टीम में पीडियाट्रिक क्रिटिकल केयर, बैरिएट्रिक सर्जरी, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी और एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टर शामिल थे।
असाधारण थी स्थिति
इस मामले में अस्पताल के प्रमुख बैरिएट्रिक सर्जन डॉ. दक्ष सेठी ने बताया कि मरीज की स्थिति बेहद असाधारण थी, जिसके कारण ऑपरेशन के हर एक चरण की बेहद सावधानीपूर्वक योजना बनानी पड़ी थी।
मरीज की शारीरिक संरचना के कारण पैदा हुईं तकनीकी चुनौतियों के बावजूद सर्जरी पूरी तरह सफल रही और अब किशोर की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है।
यह भी पढ़ें – लुटियंस जोन में आईएएस-आईपीएस दंपति के घर चोरी, आरोपी गिरफ्तार



Download Android App
Download iOS App



