Delhi : राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के बीच अपना घर खरीदना आम लोगों, विशेषकर मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में आवासीय संपत्तियों के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने घर खरीदने के इच्छुक लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
ऐसे समय में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने विभिन्न आय वर्ग के लोगों को राहत देने के उद्देश्य से दो विशेष आवास योजनाएं शुरू की हैं, जिनके तहत किफायती दरों पर फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डीडीए की इन योजनाओं में उच्च आय वर्ग (एचआईजी), मध्यम आय वर्ग (एमआईजी), निम्न आय वर्ग (एलआईजी) तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए अलग-अलग श्रेणी के फ्लैट शामिल हैं।
फ्लैटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है, जिससे पात्र आवेदकों को बिना लॉटरी प्रक्रिया के घर पाने का अवसर मिल रहा है। डीडीए ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुकिंग और पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ा दी है।
एलआईजी फ्लैट के लिए बुकिंग राशि 1 लाख रुपये
योजना के तहत फ्लैट बुक करने के लिए निर्धारित राशि भी आय वर्ग के अनुसार तय की गई है। एचआईजी फ्लैट के लिए 10 लाख रुपये, एमआईजी फ्लैट के लिए 4 लाख रुपये, एलआईजी फ्लैट के लिए 1 लाख रुपये तथा ईडब्ल्यूएस फ्लैट के लिए 50 हजार रुपये की बुकिंग राशि निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त सभी आवेदकों को आवास पोर्टल पर 2,500 रुपये का एकमुश्त पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा।
नरेला और सिरसपुर क्षेत्रों में फ्लैटों पर 25 प्रतिशत तक की छूट
बता दें कि डीडीए नागरिक आवास योजना 2026 राजधानी में किफायती आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीडीए ने 23 जनवरी को यह योजना शुरू की थी। योजना के तहत नरेला और सिरसपुर क्षेत्रों में फ्लैटों पर 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है। नरेला में कुल 3,245 फ्लैट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें 1,944 फ्लैट मार्च माह में अतिरिक्त रूप से शामिल किए गए थे।
वहीं सिरसपुर में 411 एलआईजी श्रेणी के फ्लैट उपलब्ध हैं। इच्छुक आवेदक डीडीए के आधिकारिक आवास पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवास योजना-2026
इसी क्रम में डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवास योजना-2026 भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा क्षेत्र में इस योजना के तहत 741 दो-बेडरूम (2-बीएचके) फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा पात्र सरकारी संस्थानों के लिए थोक खरीद श्रेणी में 500 फ्लैट आरक्षित किए गए हैं, जिनमें 393 अतिरिक्त फ्लैट बाद में शामिल किए गए हैं।
योजना के अनुसार, एमआईजी श्रेणी के फ्लैटों के लिए 4 लाख रुपये की बुकिंग राशि जमा करनी होगी। साथ ही कुल बिक्री मूल्य का 75 प्रतिशत भुगतान प्रारंभिक चरण में और शेष 25 प्रतिशत राशि कब्जा लेते समय जमा करनी होगी। डीडीए का मानना है कि यह योजना राजधानी में किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
यह भी पढ़ें : Cyber : न ओटीपी बताया, न पिन शेयर किया…जानें कैसे उड़ गए खाते से इतने रुपये?


Download Android App
Download iOS App




