Delhi Jeweller Extortion Case: दिल्ली के एक नामी ज्वेलर से 10 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले एक कुख्यात गैंगस्टर के शूटर को स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक उर्फ दिलावर के तौर पर हुई है। वह कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चरण गैंग के लिए काम करता था। स्पेशल सेल डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के मुताबिक हाल के दिनों में गैंगस्टर रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़-वीरेंद्र चरण गैंग ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और अन्य राज्यों में कारोबारियों के पास रंगदारी के लिए कॉल कीं।
इस क्रम में दिसंबर 2025 में वीरेंद्र चरण की तरफ से दिल्ली के एक ज्वेलर से 10 करोड़ रुपये की मांग की गई। पीड़ित की शिकायत पर संबंधित धाराओं में थाना अमर कॉलोनी में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने रोहित, राहुल, लक्ष्मण, मोहित और पंकज राजपूत नाम के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि पंकज राजपूत एक उभरता हुआ गैंगस्टर है। पंजाब में इस पर 20 से अधिक केस हैं।
पता चला कि 2025 में वीरेंद्र चरण ने पंजाब के नकोदर शहर में मौजूद बख्शी ट्रैवल कंपनी के मालिक मनीष बख्शी से पांच करोड़ रुपये मांगे थे। इस बारे में नकोदर शहर, पंजाब में केस रजिस्टर किया गया था। पीड़ित पर दबाव बनाने के लिए, वीरेंद्र चरण ने 13 जनवरी को बख्शी ट्रैवल के ऑफिस पर फायरिंग करने के लिए अपने तीन शूटरों को ऑर्डर दिया था। एनालिसिस के दौरान तीन शूटरों में से एक की पहचान दीपक कुमार उर्फ दिलावर के रूप में हुई जो कि मूल रूप से यूपी के जिला उन्नाव का है। यह भी पता चला कि फायरिंग की घटना के बाद दीपक उर्फ दिलावर अंडरग्राउंड हो गया था। फरार आरोपी दीपक उर्फ दिलावर के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए दो टीमें पंजाब और यूपी भेजी गईं।
पूछताछ के आधाार पर जांच जारी
टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गत 23 मार्च को सैनिक विहार इलाके से आरोपी को दबोच लिया। इसकी निशानदेही पर एक लोडेड पिस्टल और पांच कारतूस मिले। पूछताछ के दौरान आरोपी दीपक ने बताया कि पंकज राजपूत ने उसे यह हथियार दिया था और उसे गैंगस्टर वीरेंद्र चरण से एन्क्रिप्टेड चैट प्लेटफॉर्म पर मिलवाया था। इसके बाद वीरेंद्र चरण ने उसे नकोदर में बख्शी ट्रैवल पर गोली चलाने का निर्देश दिया था। आरोपी दीपक ने आगे बताया कि वह वीरेंद्र चरण के कहने पर दिल्ली में बेस बना रहा था। फिलहाल पुलिस इससे पूछताछ के आधार पर आगे की जांच कर रही है।






















