Delhi : नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट स्थित मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। स्कूल बस और बच्चों से भरे ई-रिक्शा की टक्कर में छात्रा सड़क पर गिर गई और बस के नीचे आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
पुलिस ने मृतका छात्रा की पहचान प्रियांशी के तौर पर की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। सड़क हादसे के इस मामले में हैरान करने और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना भी सामने आई है, जब बच्ची सड़क पर खून से लथपथ पड़ी थी, लोग उसकी मदद की बाजए फोन निकालकर वीडियो बनाने में लगे हुए थे।
एक व्यक्ति सामने आया और उसने बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) आकांक्षा यादव ने बताया कि आदर्श नगर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बस चालक पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान कमल सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस ने दोनों वाहन भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस आगे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसे की पीसीआर कॉल मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती जांच में पता चला कि स्कूल बस जिसे कमल सिंह (55) चला रहा था, ने बच्चों को लेकर जा रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
ई-रिक्शा चालक की पहचान अजय प्रसाद (45) के रूप में हुई है। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा में सवार प्रियांशी सड़क पर गिर गई और स्कूल बस के नीचे आ गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल, जहांगीरपुरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में अन्य किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। आदर्श नगर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर स्कूल बस चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रियांशी अपने परिजनों के साथ रामा गार्डन, मुकुंदपुर में रहती थी। बेटी की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली एम्स की आधिकारिक डाइट शीट में शामिल हुआ मिथिला का मखाना, जानें क्या हैं फायदे?























