Delhi News : साउथ डिस्ट्रिक्ट के वसंत कुंज इलाके में एक तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान सार्थक मट्टू (34) के रूप में की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बाबत केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी थार चालक अपूर्व सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक सार्थक मट्टू, हरियाणा के गुरुग्राम में परिवार के साथ रहता था। परिवार में माता पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं। पुलिस का कहना है कि गुरुवार को वसंत कुंज साउथ थाने में पीसीआर कॉल मिली कि एक थार कार ने बाइक चालक को टक्कर मार दी है।
हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक पीसीआर वैन घायल युवक को अस्पताल ले जा चुकी थी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और मौके की वीडियो व फोटोग्राफी की गई।
घटनास्थल के आसपास CCTV फुटेज गए खंगाले
एक अन्य टीम को तुरंत अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हो चुकी है। पुलिस ने मृतक की पहचान सार्थक मट्टू के रूप में की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बाबत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कार के बारे में जानकारी जुटाकर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक कार बेंगलुरु स्थित एक निजी कंपनी के नाम पर पंजीकृत पाई गई। कार बिहार निवासी और बेंगलुरु में कंपनी में कार्यरत सागर साहा (29) को किराये पर दी गई थी। पूछताछ के दौरान सागर ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के समय वाहन उसका मित्र अपूर्व सिंह (30) चला रहा था। जिसके बाद पुलिस ने अपूर्व सिंह को दबोच लिया। वह गाजीपुर यूपी का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें : पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया 37 मामलों का बदमाश ‘हड्डी’, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली


Download Android App
Download iOS App




