दिल्ली : तकनीकी कारणों से 90 मिनट तक प्रभावित हुई रेड लाइन मेट्रो सेवा

Summary :

रिठाला में ओएचई (ओवरहेड उपकरण) लाइन में कुछ तकनीकी कारणों से कॉरिडोर के एक खंड पर सेवाएं लगभग डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहीं।

दिल्ली की रेड लाइन मेट्रो आज तकनीकी दिक्कतों के कारण लगभग 90 मिनट तक प्रभावित रही। इतना लंबे समय तक के लिए मेट्रो सेवा लंबित रहने के कारण रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मेट्रो स्टेशन के गेट के बाहर लोगों की भीड़ नजर आई है। रेड लाइन दिल्ली में रिठाला और गाजियाबाद में शहीद स्थल (बस अड्डे) को जोड़ती है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘रिठाला में ओएचई (ओवरहेड उपकरण) लाइन में कुछ तकनीकी कारणों से कॉरिडोर के एक खंड पर सेवाएं लगभग डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहीं।’’ दिल्ली मेट्रो ने भी यात्रियों को सेवाओं में देरी के बारे में सूचित करने के लिए सुबह लगभग साढ़े आठ बजे ट्वीट किया था।


दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने ट्वीट किया, ‘‘रेड लाइन पर पीतमपुरा और रिठाला के बीच सेवा में विलंब। अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।’’ अधिकारी ने कहा कि तकनीकी समस्या को बाद में सुलझा लिया गया और सामान्य सेवाएं बहाल कर दी गईं। सुबह लगभग 10 बजे डीएमआरसी ने फिर ट्वीट किया, ‘‘रेड लाइन पर सामान्य सेवा फिर से शुरू हो गई है।’’

Desk Team