उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी और उनकी तीन रैलियाँ आयोजित की जायेंगी। सूत्रों के अनुसार, मायावती की पहली रैली नयी दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में तीन फरवरी को आयोजित होगी। पिछले एक सप्ताह से मायावती की निगरानी में दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति को लागू किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बसपा उम्मीदवारों के नाम तय करने के बाद सोमवार को अभियान की रूपरेखा तय की गयी। बसपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह और पार्टी सांसदों को विधानसभा चुनाव अभियान की कमान सौंपी गई है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि तीन फरवरी की रैली के बाद एक रैली अनधिकृत कालोनी क्षेत्र और एक रैली दलित मतदाताओं की बहुलता वाले किसी विधानसभा क्षेत्र में होगी।
लखनऊ में आज अमित शाह करेंगे रैली, CAA विरोधियों को देंगे जवाब
इन रैलियों का स्थान अभी तय किया जाना बाक़ी है। हाल ही में बसपा में शामिल हुए आप के विधायक नारायण दत्त शर्मा को पार्टी ने दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। समझा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्र की इस सीट पर भी मायावती एक रैली कर सकती हैं। इस सीट पर 2008 के विधानसभा चुनाव में बसपा के उम्मीदवार रामसिंह नेता जी ने जीत दर्ज की थी।
मौजूदा विधायक शर्मा के सामने अब राम सिंह ‘आप’ उम्मीदवार के रूप में चुनौती दे रहे है। ग़ौरतलब है कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए आठ फरवरी को मतदान और 11 फरवरी को मतगणना होगी। विधानसभा की 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। पार्टी ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए पिछले सप्ताह शनिवार को बसपा के 42 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।


Download Android App
Download iOS App



