दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों की आवाजाही पर रोक, जानें वजह

Summary :

Kanwar Yatra: सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस बार 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और उनके वाहनों का दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार यातायात के कारण कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित नहीं है, इसलिए यह फैसला उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। डीसीपी ट्रैफिक के. रमेश ने बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगोत्री,…

Kanwar Yatra: सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस बार 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और उनके वाहनों का दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार यातायात के कारण कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित नहीं है, इसलिए यह फैसला उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। डीसीपी ट्रैफिक के. रमेश ने बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगोत्री, गौमुख और हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली होते हुए हरियाणा और राजस्थान की ओर जाते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें केवल निर्धारित पारंपरिक मार्गों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने कांवड़ियों के लिए जिन प्रमुख मार्गों को निर्धारित किया है, उनमें अप्सरा बॉर्डर–शाहदरा फ्लाईओवर–सीलमपुर टी-पॉइंट–आईएसबीटी फ्लाईओवर, भोपुरा बॉर्डर–वजीराबाद रोड–लोनी गोलचक्कर–गोकुलपुरी–66 फुटा रोड–सीलमपुर–एनएच-1, लोनी बॉर्डर, सोनिया विहार बॉर्डर, वजीराबाद ब्रिज, आउटर रिंग रोड तथा इंदिरापुरम नाला रोड–गाजीपुर बॉर्डर–न्यू अशोक नगर–पुस्ता रोड शामिल हैं। इन मार्गों का उपयोग आने और जाने दोनों दिशाओं में किया जा सकेगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सभी कांवड़ियों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि इससे न केवल कांवड़ यात्रा सुरक्षित और सुगम होगी, बल्कि आम लोगों को भी यातायात संबंधी परेशानियों का कम सामना करना पड़ेगा। यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी

Sumant Chaudhary