देहरादून : चुनाव आचार संहिता उल्लंघन में फंसे मसूरी के भाजपा विधायक गणेश जोशी ने अपना जवाब रिटार्निंग अधिकारी को दे दिया है। हालांकि शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने नोटिस पर अभी कोई जवाब नहीं दिया है। इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन आयोग से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
शहर में छठ पूजा के दौरान मसूरी विधायक गणेश जोशी का नोट बांटते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके अलावा शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक पर चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नजूल भूमि पर अतिक्रमण के मामले में हाईकोर्ट के स्टे आदेश मिलने के बयानबाजी के आरोप लगे थे।
कांग्रेस के अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने इसकी शिकायत 15 नवंबर को आयोग से की थी। आयोग ने इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून को जांच के आदेश दिए थे। इस मामले में रिटार्निंग अफसर ने दोनों को नोटिस जारी किया था। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डा. देवेंद्र भसीन ने बताया कि शनिवार को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने रिटार्निंग अफसर को जवाब दे दिया है।
जोशी ने अपने उत्तर में बताया है कि स्वयं पिछले नौ वर्षों से भी अधिक समय से हर वर्ष छठ पर्व में नियमित रूप से शामिल होते हैं। छठ पूजा के अवसर पर वोट खरीदने के लिए अथवा क्षेत्र के मतदाताओं को रिझाने के लिए कोई धनराशि नहीं बांटी गई। छठ पूजन में धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप अपना आचरण किया है।
किसी भी मतदाता को कोई प्रलोभन अथवा वोट खरीदने के लिए कोई धनराशि अदा नहीं की गई। उधर, शहरी विकास मंत्री कौशिक ने अभी इस मामले में न तो कोई जवाब दिया और न ही प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि विधायक ने नोटिस का जबाब दे दिया है। कहा कि भाजपा छलकपट एवं वोट खरीदने की राजनीति नहीं करती है और न ही इसका समर्थनकरती है।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



