मासूम की सर्जरी के सपनों पर चोरों ने फेरा पानी, 12.5 लाख के जेवर ले उड़े

Summary :

Delhi Crime News : कभी-कभी पुलिस सिर्फ अपराधियों को पकड़ती ही नहीं, बल्कि टूटते परिवारों की उम्मीद भी लौटा देती है। ऐसा ही एक भावुक मामला उत्तर-पश्चिम जिले के केशव पुरम थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां छह साल की मासूम बच्ची की रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) के ऑपरेशन के लिए जुटाए गए करीब 12.5 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि बच्ची का इलाज रुकने की नौबत आ गई। लेकिन दिल्ली पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश कर न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी…

Delhi Crime News : कभी-कभी पुलिस सिर्फ अपराधियों को पकड़ती ही नहीं, बल्कि टूटते परिवारों की उम्मीद भी लौटा देती है। ऐसा ही एक भावुक मामला उत्तर-पश्चिम जिले के केशव पुरम थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां छह साल की मासूम बच्ची की रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) के ऑपरेशन के लिए जुटाए गए करीब 12.5 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि बच्ची का इलाज रुकने की नौबत आ गई। लेकिन दिल्ली पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश कर न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी गए सभी आभूषण भी बरामद कर परिवार की मुस्कान लौटा दी।

डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी को एसीपी आकाश रावत की देखरेख में एसएचओ राजीव मलिक के नेतृत्व में एसआई मोहित, एचसी पवन और एचसी रमेश की टीम ने पकड़ा है। 22 जुलाई को त्रिनगर निवासी लक्ष्मी ने केशवपुरम थाने में शिकायत दी कि उनके घर की खिड़की तोड़कर चोर लाखों रुपये के आभूषण ले गए हैं। जांच में पता चला कि यही आभूषण परिवार ने अपनी छह वर्षीय बेटी की एम्स में होने वाली गंभीर स्पाइन सर्जरी के लिए वर्षों की बचत और जेवर बेचकर जुटाए थे। घटना के बाद परिवार इतना टूट गया था कि इलाज के लिए मकान तक गिरवी रखने की तैयारी कर रहा था।

चोरी के जेवर मिलते ही परिवार के खुशी के आंसू छलक पड़े

तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने अभिषेक उर्फ राजे (25) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए। जब पुलिस ने बरामद जेवर परिवार को सौंपे तो घर में खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने केवल उनकी मेहनत की कमाई ही नहीं लौटाई, बल्कि उनकी बेटी के इलाज की उम्मीद भी बचा ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पहले भी चोरी के दो मामलों में शामिल रह चुका है और उससे आगे पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि संवेदनशील और त्वरित पुलिसिंग कई बार किसी परिवार के लिए नई जिंदगी लेकर आती है।

Sumant Chaudhary