कृषि कानून के विरोध में आंदोलनरत किसानों को समर्थन देने के लिए बिहार से भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के नेतृत्व में किसानों का एक जत्था गुरुवार को दिल्ली रवाना होगा। भाकपा-माले के तरारी से विधायक एवं अखिल भारतीय किसान महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुदामा प्रसाद, घोषी से विधायक रामबली सिंह यादव, अखिल भारतीय किसान महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं भोजपुर के युवा नेता राजू यादव, जन कवि कृष्ण कुमार निर्मोही के नेतृत्व में किसानों का एक जत्था 24 दिसंबर को दिल्ली रवाना होगा।
किसान नेताओं का यह जत्था 28 दिसंबर तक दिल्ली में कैम्प करेगा और फिर 29 दिसंबर को पटना वापस लौटकर अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर आयोजित राजभवन मार्च में हिस्सा लेगा। दिल्ली में किसान नेताओं का यह जत्था तीनों कृषि कानून को रद्द करने की मांग पर दिल्ली के बोर्डर कृषक आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल में शामिल होगा। इन नेताओं के वापस लौट आने पर किसानों का दूसरा जत्था बिहार से दिल्ली की ओर प्रस्थान करेगा।