नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. शशि थरूर ने कहा है कि दिल्ली की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी व आम आदमी पार्टी के गोपनीय गठजोड़ को सबक सिखाएगी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अबकी बार दिल्ली में झाड़ू का झांसा-कमल ने फांसा.. जनता के बीच खूब अच्छे से चल रहा है। शशि थरूर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दिल्ली के दिल की बात-कांग्रेस के साथ… संवाद कार्यक्रम के शुभारंभ करने आए हुए थे। इसके तहत उन्होंने पार्टी का व्हाट्सएप नंबर, वेबसाइट एवं फेसबुक एकाउंट भी जारी किया।
इस दौरान वह मीडिया से भी मुखातिब हुए। थरूर ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी उद्योगपतियों से मिल रहे हैं, लेकिन कांग्रेस लोगों से दिल्ली के दिल की बात कर रही है। हम चाहते हैं कि लोग हमे सुझाव दें। उन्होंने कहा कि आज छात्रों पर आक्रमण हो रहा है, अर्थव्यवस्था संकट में है। हमने सीएए का हमेशा विरोध किया। यह सविधान के खिलाफ है। गांधी, अंबेडकर, सरदार पटेल के विचारों के खिलाफ है। हम सिर्फ एक वर्ग नहीं बल्कि संविधान के लिए विरोध कर रहे हैं। सभी लोग संविधान की प्रस्तावना पढ़ रहे हैं।
ये मुद्दा सभी वर्गों के लिए जरूरी है। ये भारत का मुद्दा है। भाजपा नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उनका कहना था कि केजरीवाल चाहते है कि वे सीएए और सीएए विरोधी दोनों वोट ले लें। पुलिस पर भी सवाल उठा रहे हैं। लेकिन उन्हें क्या रोक रहा है कि वे छात्रों से बात न करें, घायलों को देखने जाएं। वे शीला दीक्षित के बारे में ट्वीट करते थे वह हेल्पलेस सीएम हैं, लेकिन वे खुद आज हताश और असहाय मुख्यमंत्री लग रहे हैं।
लेकिन चुप रहकर वे पार नहीं पा सकेंगे। फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और उनकी फिल्म छपाक को लेकर पूछे एक सवाल पर उनका कहना था कि किसी ने हिम्मत दिखाकर सॉलिडेरिटी दिखाई तो सिर्फ उसके लिए फिल्म का बहिष्कार करना ठीक नहीं। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस चुनाव घोषणा पत्र में आम आदमी के सुझावों को शामिल करके उनकी सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है।
पार्टी ने यह भी निर्णय लिया है कि दिल्ली के सभी वर्गों जिनमें महिलाऐं, नौजवान, छात्र, रेहड़ी पटरी वाले, छोटे मझोले व मध्यवर्ग के दुकानदार और व्यापारियों के अलावा ई-रिक्शा व ऑटो चालकों तक स्वयं पहुंच कर उनसे सीधा संवाद करेगी। थरूर ने यह भी कहा कि वो एक-दो दिन में जामिया विश्वविद्यालय का दौरा करेंगे।