‘यहां हारने वालों को जानिब
कौन पलट कर देखता है
भटका हुआ एक परिंदा कब
अपने आशियाने को लौटता है’
तमाम कयासों को धत्ता बताते पीएम मोदी अपने मंत्रिमंडल के चिर-प्रतीक्षित फेरबदल को और भी अबूझ पहेली बनाते जा रहे हैं, अब से पहले ऐसा माना जा रहा था कि पितृ पक्ष यानी श्राद्ध के शुरू होने से पहले (26 सितंबर से पितृ पक्ष आरंभ है) पीएम इस काम को अंजाम दे देंगे, मगर कैसे? पीएम के इन दिनों के व्यस्त कार्यक्रम इस बात की गवाही नहीं देते। चूंकि 20 सितंबर को वे गुजरात जा रहे हैं, बस 21 को एक दिन के लिए दिल्ली में हैं, पर उस दिन भी उनका शेड्यूल पहले से ही व्यस्त है, राष्ट्रपति भवन को भी ऐसे आयोजनों की खबर एडवांस में दी जाती है ताकि राष्ट्रपति भी शपथ ग्रहण के दिन दिल्ली में मौजूद रहें।
सूत्रों की मानें तो राष्ट्रपति भवन को भी इस आशय की पूर्व सूचना अब तक नहीं दी गई है। इसके अगले ही रोज यानी 22 सितंबर 2026 को पीएम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं। वहां से लौटेंगे तो फिर 23-24 सितंबर को राजधानी दिल्ली में ही अपने मंत्रियों के संग उनकी ‘चिंतन बैठक’ आहूत है। बचता है सिर्फ 25 सितंबर का दिन क्योंकि इसके अगले ही रोज से पितृ पक्ष शुरू हो रहा है। सनद रहे कि मोदी 2-0 के कार्यकाल में मंत्रिमंडल का पहला विस्तार 7 जुलाई 2021 को हुआ था जिसमें 43 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी। इस कड़ी में 21 अक्तूबर 2021 को मोदी ने अपने मंत्रियों के लिए एक चिंतन िशविर आयोजित करवाया था, जो ‘गवर्नेंस’ और ‘नीति निर्माण’ पर आधारित था। सनद रहे कि 7 जुलाई के अपने मंत्रिमंडल के फेरबदल से पहले मोदी ने 20 जून 2021 को अपने मंत्रियों के साथ 5-5 ग्रुप में एक चिंतन बैठक को अंजाम दिया था, जिसमें मंत्रियों ने अपने संबंधित मंत्रालयों की ‘विजन रिपोर्ट’ पीएम के समक्ष प्रस्तुत की थी।
इस दफे यानी 23-24 सितंबर के चिंतन बैठक में मंत्रियों को 8-8 के ग्रुप में बांटा गया है और इनसे उनके ‘विजन रिपोर्ट’ को साझा करने को कहा गया है। तो क्या इससे यह माना जा सकता है कि वर्तमान मंत्रियों से प्राप्त प्रेजेंटेशन के मंथन के आधार पर ही पीएमओ उनके काम-काज की समीक्षा कर उन्हें अंक दे सकता है, शायद इस पूरी प्रक्रिया में 15-20 दिन का वक्त लग जाए, उसके बाद नवरात्रि शुरू हो जाएगा जो किसी शुभ कार्य करने के लिए सबसे मुफीद वक्त लेकर आता है, तब शायद मोदी अपने मंत्रिमंडल को नया-चेहरा-मोहरा दे सकते हैं। वैसे भी यह माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही संसद का शेष बचा मानसून सत्र बुला सकती है, जिसमें परिसीमन बिल पेश करने की संभावनाओं को टटोला जा सकता है।
अंबानी का ट्रंप कनेक्शन
दिल्ली की प्रतिकूल सियासी बयार को भांपते चतुर सुजान मुकेश अंबानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प परिवार से अपनी नजदीकियां और बढ़ा ली हैं। इस बार गणशोत्सव के दौरान पूरे सोशल मीडिया पर अंबानी परिवार ही सबसे ज्यादा ट्रेंड कर रहा है। इस दफे के गणेशोत्सव के दौरान अंबानी परिवार ने बतौर मुख्य अतिथि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की पुत्री टिफनी ट्रम्प और उनके लेबनीज अमेिरकन बिजनेसमैन पति माइकल बुलोस को आमंत्रित किया था। इन दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं। सनद रहे कि टिफनी ने माइकल संग ब्याह 2022 में रचाया था।
बुलोस का नाइजेरिया में मोटर साइकिल का एक बड़ा बिजनेस है। वैसे भी ट्रम्प के बेटों के साथ अंबानी के व्यापारिक रिश्ते तो पहले से ही हैं। एक ओर ट्रम्प भारत पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने से नहीं हिचक रहे, वहीं भारत के एक शीर्षस्थ उद्योगपति अंबानी के साथ उनके रिश्तों में नित्य प्रति एक नई प्रगाढ़ता आ रही है। सबसे खास बात तो यह कि टिफनी से रिश्ते अंबानी परिवार के लिए इसीलिए भी ज्यादा महत्वपूर्ण हैं कि टिफनी के ससुर मसाद बुलोस ट्रंप प्रशासन में मिडिल ईस्ट और अरब अफेयर्स के विशेष सलाहकार हैं। सनद रहे कि इन खाड़ी देशों में हालिया दिनों में अंबानी का व्यापारिक साम्राज्य तेजी से फला-फूला है। वैसे भी माइकल बुलोस का एक खास इंडिया कनेक्शन है, जब पिछले दफे वे भारत आए थे तो भारत स्थित अमेरिकी दूत के साथ अपनी जड़ों की तलाश में वे केरलम के कोच्चि के सिनेगॉग की यात्रा पर भी गए थे।
शिंदे मांगें सीएम की कुर्सी
क्या यह महज़ इत्तफाक है कि पिछले एक महीने में भाजपा चाणक्य अमित शाह कोई 5 बार मुंबई का दौरा कर चुके हैं। इस बात के लगातार सियासी निहितार्थ तलाशे जा रहे हैं कि क्या राज्य की गठबंधन सरकार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा है? पिछले काफी समय से यह बात सुनने में आ रही है कि जब से राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के सांसदों की संख्या 7 से बढ़ कर 13 हुई है (उद्धव गुट के 6 सांसद टूट कर उनके साथ आ गए हैं) वे दिल्ली पर लगातार यह दबाव बना रहे हैं कि ‘फडणवीस की जगह अब राज्य की कमान उन्हें सौंपी जाए।’ लगता है इसी मामले को सुलझाने के लिए जब इस 13 सितंबर को अमित शाह मुंबई में थे तो गेस्ट हाउस के एक बंद कमरे में उनकी आधे घंटे की मुलाकात एकनाथ शिंदे से हुई, फिर वहां से ये दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर ‘एशियाटिक सोसाइटी’ की ओर प्रस्थान कर गए। जाहिर है कार में भी इन दोनों नेताओं के बीच किसी फंसे हुए पेंच को लेकर जरूर ही कोई गंभीर मंत्रणा हुई होगी। बाहर बताया गया कि ‘दोनों नेताओं के बीच मराठा आंदोलन को लेकर बात हुई,’ अगर सचमुच ऐसा था तो इस पूरी बातचीत में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को क्यों शामिल नहीं किया गया? यह सोचने की बात है। एकनाथ शिंदे चाहते हैं कि ‘महाराष्ट्र चलाने के लिए उन्हें ‘फ्री-हेंड’ दिया जाए और फडणवीस को दिल्ली में कैबिनेट मंत्री बना दिया जाए।’ लोकसभा में एनडीए के घटक दलों में अब संख्या के हिसाब से शिंदे की पार्टी 13 सांसदों के आंकड़ों के साथ दूसरे नंबर पर आती है। वहीं चंद्रबाबू की टीडीपी 16 सांसदों के संख्या बल के आधार पर पहले स्थान पर बनी हुई है। 12 सांसदों की गिनती के साथ जदयू तीसरे पायदान पर है।
…और अंत में
यह पहली दफा नहीं है जब गुजरात की भगवा राजनीति में इतना तूफां बरपा हो। आमतौर पर शांत व धीर-गंभीर दिखने वाले राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल की अपनी ही सरकार के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी से ठन गई लगती है। मात्र 41 साल की उम्र में सियासी सफलताओं के नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले सांघवी को दिल्ली के नंबर दो का बेहद भरोसेमंद व्यक्ति माना जाता है, सांघवी गुजरात के माजूरा विधानसभा से तीसरी बार के विधायक हैं, 16 सितंबर 2021 को वे पहली बार राज्य सरकार में सीमा सुरक्षा व कारागार मंत्री बनाए गए और 17 अक्तूबर 2025 आते-आते वे भूपेंद्र भाई पटेल सरकार के सबसे युवा डिप्टी सीएम में शुमार हो गए। इस वक्त उनके पास गृह, कानून, पर्यटन, नागरिक उड्डयन, एमएसएमई से लेकर इंडस्ट्री तक के महत्वपूर्ण मंत्रालय हैं। और उन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री कहा जाने लगा है।
कई मायनों में तो इनका आचरण राज्य के सुपर सीएम जैसा ही दिखने लगा था, बताया जाता है कि इस बात से कुपित होकर अपने डिप्टी के खिलाफ िशकायतों की एक मोटी फाइल लेकर सीएम सीधे दिल्ली आ गए, कहते हैं पीएम से मिल कर उनके समक्ष उन्होंने अपना दुखड़ा रोया है और कहा है कि उन्हें ‘फ्री-हेंड’ काम नहीं करने दिया जा रहा है। हो सकता है आने वाले दिनों में गुजरात की भगवा सियासत एक नई करवट ले।


Download Android App
Download iOS App



