दारू पार्टी, सैक्स स्कैंडल जानसन को ले डूबा

Summary :

ब्रिटेन में राजनीतिक उठापटक और सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं

ब्रिटेन में राजनीतिक उठापटक और सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। अपनी सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और  डिप्टी चीफ व्हिप के पद पर नियुक्त ​किए क्रिस पिंचर पर लगे आरोपों के चलते ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जानसन को इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा है। विपक्ष के लगातार बढ़ते दबाव और कंजरवेटिव पार्टी में उनके खिलाफ उठती आवाजों के बीच उनके वित्त मंत्री ऋषि सुनक सहित 50 मंत्रियों और सांसदों के इस्तीफे के बाद जानसन को अपना पद छोड़ना ही पड़ा। संसद में पार्टी के लीडर का पद छोड़ने के बाद वह दूसरा नेता चुने जाने तक पीएम पद पर बने रहेंगे। अभी एक माह पहले ही बोरिस जानसन मुश्किल से अपनी कुर्सी बचा पाए थे। उस समय ऋषि सुनक और जाविद साबिद ने उनके लिए काफी मेहनत की थी। अब ये दोनों भी उनका साथ छोड़ चुके हैं। हालात यहां तक बदतर हो गए थे कि 36 घंटे पहले नियुक्त मंत्री ने इस्तीफा दे दिया। इस समय भारतवंशी ऋषि सुनक पीएम पद की रेस में सबसे आगे हैं।यह अविश्वास प्रस्ताव कोविड-19 के कारण लगाए गए लॉकडाउन के दौरान सरकारी इमारतों में आयोजन करने के संबंध में था। इसके अलावा हाऊस ऑफ कॉमन्स में मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो देखने को लेकर कंजरवेटिव पार्टी के एक सांसद को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा था। ब्रिटेन की सरकार पहले कोरोना महामारी के दौरान शराब पार्टी को लेकर फंसी थी और अब वह एक सैक्स स्कैंडल को लेकर फंसी है। कोरोना महामारी के दौरान पाबंदियों के बावजूद प्रधानमंत्री आवास में दारू पार्टियां की जाती रहीं, जिसमें खुद बोरिस जानसन भी शामिल  होते रहे। 30 जून को ब्रिटेन के समाचार पत्र द सन ने एक रिपोर्ट छापी जिसमें दावा किया गया था कि सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी के सांसद क्रिस पिंचर ने लंदन के  एक प्राइवेट क्लब में दो मर्दों को आपत्तिजनक तरीके से छुआ। हाल ही के वर्षों में पिंचर के कथित यौन दुर्व्यवहार से जुड़े कम से कम 6 और मामले सामने आए। यह खुलासे होने के बाद पिंचर ने सरकार के सचेतक पद से इस्तीफा देकर जांच में सहयोग का वादा किया और यह भी कहा वे पेशेवर मैडिकल की मदद ले रहे हैं। नवम्बर 2017 में भी पिंचर ने एक शिकायत के बाद जूनियर सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी गेट के बाद इस नए सैक्स स्कैंडल ने सियासी भूचाल खड़ा कर दिया  है। विपक्ष का कहना है कि यह नया प्रकरण यह प्रदर्शित करता है कि बोरिस जानसन के शासन के तहत सार्वजनिक जीवन में कितना पतन हो चुका है। जानसन की पार्टी के लोग भी कहने लगे हैं कि जब पिंचर के खिलाफ पहले ही शिकायतें थीं तो उनको नियुक्त ही क्यों किया गया। बोरिस जानसन ने पिंचर की नियुक्ति को गलती बताते हुए पीड़ित लोगों से माफी भी मांगी। सरकार ने जिस तरीके से लोगों को हैंडल किया है लोग उस पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं। हर विवाद पर सरकार के जवाब बदलते रहे हैं। जानसन के आलोचक नेतृत्व बदलने के लिए मांग कर रहे हैं। जून महीने में हुए उपचुनाव में पार्टी की हार से बोरिस जानसन पर इस्तीफे का दबाव पड़ा था लेकिन हार के कारण कंजरवेटिव पार्टी के प्रमुख ओलिवर को इस्तीफा देना पड़ा था। ​ब्रिटेन के नागरिक यह उम्मीद करते हैं कि सरकार एक सही योग्य और गम्भीर तरीके से काम करे। लेकिन ऐसा लगता है कि सरकार सही ढंग से काम नहीं कर रही। सिआसी क्षेत्रों में इस बात की चर्चा है कि भारतीय उद्योगपति नारायणमूर्ति के दामाद ऋषि सुनक  ने बोरिस जानसन के माफी मांगने के बावजूद इस्तीफा क्यों दिया । ऋषि सुनक ने कहा है कि जो कुछ हुआ उसके खिलाफ यह जरूरी था। ऋषि सुनक के परिवार की जड़ें भारत में हैं और इस्तीफा देने वाले वित्त मंत्री जाविद साबिद का परिवार पाकिस्तान में रहता है। पिछले दिनों ऋषि सुनक भी टैक्स विवाद में घिर चुके थे। सियासी क्षेत्रों में चर्चा है कि बोरिस जानसन के अंत की शुरूआत हो चुकी है। ऋषि सुनक और जाविद साबिद महसूस करते हैं कि अगर प्रधानमंत्री को हटाना है तो उनका इस्तीफा जरूरी है। दोनों ही भविष्य में अपनी स्थिति  को मजबूत करने में लगे हुए हैं। बोरिस जानसन की कै​बिनेट में और भी जूनियर मंत्री हैं जो जानसन के खिलाफ हैं। बोरिस  जानसन के इस्तीफा देने के बाद ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। इस बात को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री पद की रेस में सबसे आगे इस्तीफा देने वाले भारतीय मूल के मंत्री ऋषि सुनक  का नाम आगे चल  रहा है। ऋषि सुनक  को कभी बोरिस जानसन का दाहिना हाथ माना जाता था। उन्होंने ही कभी बोरिस जानसन के चुनावी प्रचार की बागडोर सम्भाली थी। उसके बाद ही जानसन ने उन्हें वित्त मंत्रालय दिया था। ऋषि सुनक  के साथ फॉरेन कॉमनकेल्थ एंड डिवेलपमैंट अफेयर्स सैक्रेटरी लिज  ट्रस्ट का नाम भी दौड़ में है। लेकिन कोरोना राहत पैकेज के कारण सुनक खासे लोकप्रिय हैं। ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता भी इन दिनों काफी लोकप्रिय हैं। 21 जुलाई से ब्रिटिश संसद ब्रेक पर जाने वाली हैं। संसद की छु​ट्टियों से पहले ​विद्रोही मंत्री  सांसद अपने पक्ष में माहौल बनाने में लगे हैं। देखना यह होगा कि ​सियासी घटनाक्रम क्या मोड़ लेता है।

Aditya Chopra

Aditya Chopra is well known for his phenomenal viral articles.