हर साल की तरह लाला जी यानि पंजाब केसरी के संस्थापक अमर शहीद लाला जगत नारायण जी के शहीदी दिवस पर जरूरतमंद बुजुर्गों को आर्थिक सहायता व उनकी जरूरत का सामान और उनकी मनपसंद का भोजन कराया जाता है। इस बार डा. अनिल कोहली की देखरेख में विशाल मैडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया।
बी.पी., शुगर, हार्ट का चैकअप, कैंसर, ईसीजी, दांतों की जांच व इलाज, आंखों की जांच आदि की गई जो कि काफी महंगे टैस्ट होते हैं मगर कैम्प में आए हुए सभी वरिष्ठ नागरिकों ने इसका नि:शुल्क लाभ उठाया। बहुत आश्चर्य की बात सामने आई जब बुजुर्गों को खाना खिलाया जा रहा था तो कई बुजुर्गों ने खाना अपने थैले में पैक कर लिया, किसी ने कहा यह उनका शाम को भी खाना हो जायेगा, किसी ने कहा कल तक खाना चल जायेगा।
जब समान बंटने लगा तो एक बुजुर्ग ने कहा मेरे पोते के लिए भी जूते दे दो, एक ने कहा मेरे बेटे के लिए भी दे दो, एक महिला बोली मेरे बेटे के लिए शॉल दे दो, फिर उनको समझाया गया कि यह सब आप जैसे बुजुर्गों के लिए है और मुझे बड़ी हैरानगी भी हो रही थी मगर जीवन की सच्चाई भी सामने आ रही थी कि बच्चे चाहे अपने मां-बाप, दादा-दादी को न पूछें, उनका ख्याल न रखें परन्तु तब भी माता-पिता या दादा-दादी के हल्क से न तो निवाला निगला जाता है और न ही उन्हें कोई आराम की वस्तु अच्छी लगती है। उम्र के इस पड़ाव पर भी वह अपने बच्चों के बारे में सोचते रहते हैं। क्योंकि जो भी कह लो पूत कपूत हो सकते हैं, पर माता-पिता कुमाता नहीं हो सकते।
हमारे वालियंटरों में जोश व सेवा का बहुत ही अच्छा भाव हमेशा से रहा है। कई वालियंटर तो पिछले 22 सालों से नि:स्वार्थ सेवा दे रहे हैं। कई मौकों पर वह बुजुर्गों से डांट भी खाते हैं, उनका गुस्सा भी झेलते हैं परन्तु उफ तक नहीं करते, यही है सच्ची सेवा परन्तु मेरा मानना है कि उन्हें जो आशीर्वाद मिलते हैं वह उनके जीवन में फलीभूत होते हैं, हमारा सेवा सहायक है विजय जो दिल से, भावना से पिछले 22 सालों से सेवा कर रहा है, उसका बेटा आज लंदन में आई टी करके बड़े पद पर कार्यरत है, हमारे हरीश जी जो हमेशा प्रभावशाली मंच संचालन करते आ रहे हैं उनके दोनों बेटे ऊंचे पदों पर कनाडा और बैंगलोर में कार्यरत हैं।
हमारे राकेश शर्मा की बेटी अध्यापिका व बेटा एडवोकेट है। इसी प्रकार मनीष के बच्चेे भी आईटी सैक्टर में उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। प्रविन्द्र शारदा के बच्चे भी उच्चे पदों पर पहुंचे हुए हैं। जन्म सिंह व राजेश, सुरेन्द्र मलिक व सुनील कुमार के बच्चे भी अपनी-अपनी फील्ड में अच्छा कार्य कर रहे हैं। मेरा सिर नमन से झुक जाता है, हमारे अमृत पाल सिंह यानि ‘पाले सरदार जी, जो कि 24 घंटे एक टांग पर खड़े रहते हैं, सबकी सेवा करते हैं, हमारे अनिल शारदा जी के बच्चे आस्ट्रेलिया में बड़े पदों पर रहते हुए सैटल हैं।
हमारे मोहम्मद हसन जो संस्थान में एक छोटे कर्मचारी के तौर पर आये थे आज वो मैनेजर के पद पर कम्पनी का सब कुछ संभाल रहे हैं। इसी कड़ी में उपेन्द्र निर्वाण हर कार्यक्रम के आयोजन की भव्य रूपरेखा तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। साथ ही हमारे फोटोग्राफर दयाशंकर भी अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं। क्लब की शुरुआत में स्व. पी. के. मलिक जी का योगदान भुलाये नहीं भूलता इसके साथ ही श्रीमती मनजीत कौर जो कि वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब में लम्बे समय तक सेवा करती रहीं, वह वर्तमान में कनाडा में सैटल हैं, राधिका मल्होत्रा जिनकी ईमानदारी और कर्मठता हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी। हमारा कार्यालय हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई से भरा सैक्युलर कार्यालय है जिसमें सब धर्म-जाति से ऊपर उठकर कार्य करने के साथ सेवा-भाव और संस्कार रखते हैं।


Download Android App
Download iOS App




