कुछ दिनों से सुबह-सुबह व्हाट्स एप पर क्षमा के संदेश आ रहे हैं। इतने सुन्दर और दिल को छू लेने वाले होते हैं, मन विभोर हो उठता है। सच में उस व्यक्ति के लिए सम्मान होने लगता है, कइयों के तो फॉरवर्ड मैसेज होते हैं और कई लोग दिल से, भावना से अपने खुद के मैसेज बनाकर भेजते हैं। क्योंकि आजकल जैन धर्म में क्षमावाणी पर्व चल रहा है। क्षमावाणी केवल एक धार्मिक परम्परा नहीं, बल्कि अपने मन को हल्का करने और रिश्तों को बचाने का बहुत सुन्दर संदेश है। क्षमावाणी क्षमा मांगने और क्षमा करने का पर्व है।
किसी को क्षमा करना, किसी से क्षमा मांगना आसान काम नहीं है और ऊपर-ऊपर से तो हम परम्परा निभा लेते हैं परन्तु सच पूछो तो दिल से क्षमा करना बड़ा कठिन काम है। हम सब इंसान हैं, हमसे गलतियां होती हैं। कभी हमारे शब्द किसी को दुःख पहुंचा देते हैं, कभी हमारा व्यवहार किसी को ठेस पहुंचा देता है, कभी हम जाने-अनजाने किसी के साथ अन्याय कर बैठते हैं।
क्या हम अपनी गलती स्वीकार कर पाते हैं? क्या हम दिल से किसी से क्षमा मांग पाते हैं? क्या हम दूसरों को सच्चे मन से क्षमा कर पाते हैं? बहुत ही मुश्किल है, परन्तु क्षमावाणी हमें यही संदेश देती है माफी मांगो, माफ कर दो। मैं जैन धर्म और यूं कह लो जैन समाज से बहुत जुड़ी हुई हूं। क्योंकि मुझे इसके संदेश, नियम बहुत अच्छे लगते हैं। अगर सारी दुनिया इसे अपना ले तो विश्व का माहौल ही बहुत शांतमयी सुखद होगा। जैन परम्परा में अहिंसा, परोपकार, जीओ और जीने दो और क्षमावाणी इनको मैं दिल से मानती हूं और पालन करने की पूरी कोशिश करती हूं।
जैन परम्परा में पर्युषण और संवत्सरी के बाद क्षमावाणी का विशेष महत्व है। इस अवसर पर व्यक्ति अपने मन, वचन और कर्म से किसी को भी दुःख पहुंचाने के लिए क्षमा मांगता है और दूसरों को भी क्षमा करता है। इसका भाव है-‘मिच्छामी दुक्कड़म’ अर्थात मैंने मन, वचन या कर्म से जो भी गलत किया है उसके लिए मैं क्षमता चाहता हूं।
लेकिन मेरा मानना है कि क्षमावाणी केवल एक दिन का पर्व नहीं होना चाहिए। हमें इसे अपने जीवन की आदत बनाना चाहिए। क्योंकि जब हम कहते हैं ‘‘मुझे माफ कर दीजिये, तो हम छोटे नहीं होते-हमारा मन बड़ा होता है (परन्तु यह करना बड़ा कठिन होता है) और जब तक हम कहते हैं मैंने आपको माफ किया तो हम सामने वाले पर ही नहीं, अपने ऊपर भी उपकार करते हैं (परन्तु यह भी बहुत कठिन है)।
कई बार हम वर्षों तक किसी की एक बात को दिल में रखते हैं, सामने वाला शायद उस बात को भूल चुका होता है लेकिन हम उसी दुःख को अपने अन्दर लेकर घूमते रहते हैं।
क्षमा का अर्थ यह नहीं कि गलत को सही मान लिया जाए। क्षमा का अर्थ है गलत घटना से सीख लेना, लेकिन अपने मन में नफरत को हमेशा के लिए जगह न देना।
आज परिवारों में छोटी-छोटी बातों पर रिश्ते टूट रहे हैं। भाई-बहन बात नहीं करते, दोस्त एक-दूसरे से दूर हो जाते हैं, पति-पत्नी वर्षों तक नाराज रहते हैं। आजकल छोटी-छोटी बातों पर तालाक हो रहे हैं। नाराज होकर एक-दूसरे को मार दे रहे हैं। रिश्तेदार प्रोपर्टी के कारण केस करके रिश्तों का कत्ल करते हैं।
कभी-कभी केवल एक वाक्य इन रिश्तों को बचा सकता है। मुझसे गलती हुई, मुझे क्षमा कर दीजिये और दूसरा वाक्य मैं आपको दिल से क्षमा करता हूं।
आज क्षमावाणी के अवसर पर हमें तीन संकल्प लेने चाहिएं, पहला-अपनी गलती स्वीकार करेंगे, अहंकार को अपने रिश्तों की दीवार नहीं बनने देंगे। दूसरा-दूसरों को क्षमा करने का प्रयास करेंगे। हर बात को जीवन भर अपने िदल में बोझ बनाकर नहीं रखेंगे। तीसरा-आगे से किसी को दुःख पहुंचाने से पहले सोचेंगे। हमें ऐसे कार्य करने चाहिए, क्षमा मांगने की नौबत ही कम आए।
मैंने बहुत से लोगों को हर बात पर ईश्वर का नाम लेते देखा, परन्तु कर्म उनके बहुत बुरे होते हैं, इसलिए भगवान का नाम लेने से पहले, मंदिर में पूजा करने से पहले अपने मन को साफ करें। भगवान से प्रार्थना करने से पहले किसी अपने से मनमुटाव दूर करें और जीवन में आगे बढ़ने से पहले पुराने गिले-शिकवे पीछे छोड़ दें। क्योंकि धन से हम बहुत कुछ खरीद सकते हैं लेकिन मन की शांति नहीं खरीद सकते और क्षमा हमें बड़ी शांति देती है।
आज हमें प्रण लेना होगा यदि मेरे मन, वचन या कर्म से किसी को भी कभी दुःख पहुंचा हो तो मैं हृदय से क्षमा मांगता हूं और जिन्होंने मुझे दुःख दिया है उन्हें भी मैं क्षमा करने का प्रयास करूंगा। क्योंकि क्षमा कमजोरी नहीं है, साहस है, क्षमा संस्कार है, क्षमा मन की शक्ति है, इसलिए हमें क्षमावाणी को केवल एक पर्व नहीं इसे अपने जीवन का संस्कार बनाना चाहिए, ‘मिच्छामी दुक्कड़म’। क्षमा करें, क्षमा करें, क्षमा करें।
क्षमावाणी
Summary :
कुछ दिनों से सुबह-सुबह व्हाट्स एप पर क्षमा के संदेश आ रहे हैं। इतने सुन्दर और दिल को छू लेने वाले होते हैं, मन विभोर हो उठता है। सच में उस व्यक्ति के लिए सम्मान होने लगता है, कइयों के तो फॉरवर्ड मैसेज होते हैं और कई लोग दिल से, भावना से अपने खुद के मैसेज बनाकर भेजते हैं। क्योंकि आजकल जैन धर्म में क्षमावाणी पर्व चल रहा है। क्षमावाणी केवल एक धार्मिक परम्परा नहीं, बल्कि अपने मन को हल्का करने और रिश्तों को बचाने का बहुत सुन्दर संदेश है। क्षमावाणी क्षमा मांगने और क्षमा करने का पर्व है। किसी…


Download Android App
Download iOS App



