विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव

Summary :

भारत की अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय केवल एक आर्थिक इकाई नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के सपनों, नवाचारों और आत्मनिर्भरता का आधार है। आज देश में दूसरा सबसे बड़ा रोजगार देने वाला एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन, निर्यात वृद्धि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में जो परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं, उन्होंने इस क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है। प्रधानमंत्री मोदी जी का एमएसएमई विजन केवल उद्योगों के…

भारत की अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय केवल एक आर्थिक इकाई नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के सपनों, नवाचारों और आत्मनिर्भरता का आधार है। आज देश में दूसरा सबसे बड़ा रोजगार देने वाला एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन, निर्यात वृद्धि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में जो परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं, उन्होंने इस क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है।

प्रधानमंत्री मोदी जी का एमएसएमई विजन केवल उद्योगों के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के व्यापक लक्ष्य से जुड़ा हुआ है। उनका मानना है कि यदि देश का छोटा उद्यम और छोटे उद्यमी मजबूत होंगे तो भारत की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और विकसित भारत का मार्ग भी आसान होगा। इसी सोच के साथ सरकार ने एमएसएमई क्षेत्र के लिए वित्तीय समावेशन, तकनीकी उन्नयन, कौशल विकास, एआई का उपयोग और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने वाली अनेक योजनाओं को लागू किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का एमएसएमई विजन ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को भी साकार करता है। एमएसएमई क्षेत्र देश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच विकास की खाई को कम करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। छोटे उद्योगों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं जिससे युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन कम हुआ है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ECLGS), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, सार्वजनिक खरीद नीति तथा उद्यम रजिस्ट्रेशन जैसी पहलों ने छोटे उद्यमियों को नई ताकत दी है। डिजिटल माध्यम से पंजीकरण और ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है जिससे उद्यमियों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं। विशेष रूप से कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में एमएसएमई क्षेत्र को बचाने और आगे बढ़ाने में सरकार की नीतियां अत्यंत प्रभावी साबित हुईं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘लोकल के लिए वोकल’ का जो मंत्र दिया, उसने भारतीय उत्पादों को नई पहचान दिलाई है। आज भारत के एमएसएमई केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं का हिस्सा बन रहे हैं। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियानों ने छोटे उद्योगों को नवाचार और गुणवत्ता सुधार के लिए ना केवल प्रेरित किया है बल्कि उसे क्रियान्वित करने का भी काम किया है परिणामस्वरूप भारत का निर्यात लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और एमएसएमई क्षेत्र इसमें महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी जी ने ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर विशेष बल दिया है। इससे देश के विभिन्न जिलों की विशिष्ट उत्पाद शृंखलाओं को नया बाजार मिला है। चाहे बिहार का मखाना हो, वाराणसी की साड़ी हो, कश्मीर का हस्तशिल्प हो या पूर्वोत्तर भारत के जैविक उत्पाद-एमएसएमई आधारित यह मॉडल स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक विविधता को वैश्विक मंच पर स्थापित कर रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनकर उभरा है। एमएसएमई और स्टार्टअप क्षेत्र के बीच बढ़ता समन्वय नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है। आज युवा उद्यमी तकनीक, डिजिटल सेवाओं, कृषि प्रसंस्करण, स्वास्थ्य सेवाओं और विनिर्माण क्षेत्र में नए समाधान विकसित कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि स्टार्टअप्स और एमएसएमई मिलकर रोजगार, उत्पादन और निर्यात को नई उंचाइयों तक पहुंचाएं।

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना भी प्रधानमंत्री मोदी के एमएसएमई विजन का एक महत्वपूर्ण आयाम है। मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा गया है। आज महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। आज दुनिया भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में नहीं, बल्कि एक विश्वसनीय विनिर्माण और नवाचार केंद्र के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी की सक्रिय आर्थिक कूटनीति और वैश्विक साझेदारियों के कारण भारतीय एमएसएमई के लिए अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के नए अवसर पैदा हुए हैं।

जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भी भारत ने एमएसएमई को वैश्विक आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उनके सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया। यह भारत की बढ़ती आर्थिक प्रतिष्ठा और एमएसएमई क्षेत्र की क्षमता का प्रमाण है। भारत विश्व की सबसे युवा आबादी वाले देशों में से एक है। प्रधानमंत्री मोदी का विश्वास है कि भारत का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। इसी सोच के अनुरूप एमएसएमई क्षेत्र में स्वरोजगार, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी पहलें युवाओं को भविष्य की अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार कर रही हैं।

आज जब भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है,तब एमएसएमई क्षेत्र देश की विकास यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार बनकर उभरा है।उत्पादन, रोजगार, नवाचार, निर्यात और आत्मनिर्भरता-इन सभी क्षेत्रों में एमएसएमई की भूमिका लगातार बढ़ रही है। अमृतकाल में विकसित भारत के निर्माण का सपना तभी साकार होगा जब देश का प्रत्येक छोटा उद्यमी, कारीगर, महिला उद्यमी और युवा नवप्रवर्तक इस राष्ट्रीय अभियान का सक्रिय भागीदार बने।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का दूरदर्शी नेतृत्व इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। यह केवल उद्योगों की प्रगति की कहानी नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं, महिलाओं, कारीगरों और उद्यमियों के सशक्तिकरण की कहानी है। निस्संदेह, प्रधानमंत्री मोदी जी का एमएसएमई विजन एक ऐसे भारत की परिकल्पना है जहां प्रत्येक उद्यमी को अवसर मिले, प्रत्येक नवाचार को पहचान मिले और प्रत्येक नागरिक देश की आर्थिक प्रगति का सहभागी बने। यही विजन विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहा है और भारत को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत तक की यह यात्रा एमएसएमई क्षेत्र की शक्ति, उद्यमियों के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर निरंतर आगे बढ़ रही है।

Team Desk