कृषि कानूनों के खिलाफ अभय सिंह चौटाला ने विधानसभा स्पीकर को भेजा अपना इस्तीफा

Summary :

अभय चौटाला ने कहा कि अगर केंद्र सरकार 26 जनवरी तक कृषि कानूनों वापस नहीं लेती तो विधानसभा से मेरा इस्तीफ़ा समझा जाए।

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता और हरियाणा में ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला ने आज अपना इस्तीफा दे दिया। चौटाला ने इस्तीफे पर हस्ताक्षर करते हुए मेल के जरिए हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के पास भिजवा दिया है।   
अभय चौटाला ने कहा है कि अगर केंद्र सरकार 26 जनवरी तक कृषि कानूनों वापस नहीं लेती तो विधानसभा से मेरा इस्तीफ़ा समझा जाए। चौटाला अपनी पार्टी के किसान जनजागरण अभियान के तहत आज अपने हलके के गांवों में पहुंचे औैर ग्रामीणों के सामने ही इस्तीफे पर हस्ताक्षर कर विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा मेल कर दिया। 
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उनसे कहा है कि उनके इस्तीफा देने से ही सही मायने में चौधरी देवीलाल की विरासत आगे बढ़ेगी क्योंकि चौधरी देवीलाल ने भी जनता और किसानों के विरोध में जब भी कोई निर्णय हुए, हमेशा प्राथमिकता के आधार पर अपना इस्तीफा दिया था। 
वहीं दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि ‘अगर सरकार ने रोक नहीं लगाई तो कोर्ट कृषि कानूनों के अमल पर रोक लगा देगी।’ प्रधान न्यायाधीश ने कहा, “अगर केंद्र ऐसा नहीं करता है तो हम इसके अमल पर रोक लगा देंगे।” 

Desk Team