फरीदाबाद : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि जाति एवं धर्म के नाम पर बांटने वाली ताकतों को अब वोट की चोट से जवाब देने का सही वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनतंत्र सबसे बड़ी ताकत होती है और चुनाव के समय दबाया गया बटन ही देश के नवनिर्माण एवं भलाई के लिए लिया गया निर्णय होता है इसलिए एकजुट हो कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर भाजपा को सबक सिखाने का काम करे। आजाद रविवार को फरीदाबाद में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। श्री आजाद सर्वप्रथम बडखल विधानसभा क्षेत्र के सूरजकुंड चौक पहुंचे जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके उपरांत श्री आजाद शिवदुर्गा विहार, सेक्टर-19 स्थित लोकसभा क्षेत्र के मुख्य चुनाव कार्यालय, बडखल व धौज में आयोजित विशाल जनसभाओं को भी संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर राजनैतिक बाण चलाए।
सभाओं में हजारों की तादाद में लोग मौजूद थे, जिन्होंने उनका गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत किया। लोगों की भारी हाजिरी से गद्गद् जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि देश की जनता बेरोजगारी, महंगाई व जुमलेबाजी को अच्छी तरह से समझ चुकी है और इस बार इनके बहकावे में आने वाली नहीं है क्योंकि पांच वर्ष पूर्व कालाधन वापिस लाने, युवाओं को रोजगार के सपने दिखाकर महिलाओं की सुरक्षा की बात कर गुमराह करने का काम किया था, लेकिन पांच साल में भाजपा सरकार यह सब वर्ग अपने आपको उपेक्षित महसूस कर रहा है क्योंकि काला धन वापिस लाने के नाम पर न तो किसी व्यक्ति के खाते में 15 लाख आए वहीं युवा बेरोजगारी दलदल में फंस गया है।
इसके अलावा महिलाओं पर अपराध निरंतर बढ़े है, जिसके चलते भाजपाई अपना एक भी वायदा पूरा नहीं कर पाए। हैरत की बात तो यह है कि आज प्रधानमंत्री मोदी के पास भी चुनाव में वोट मांगने के लिए विकास के नाम पर तो कुछ है नहीं, जबकि सेना के शौर्य के नाम पर गुमराह करने की कोशिश की जा रही है लेकिन अब इन जुमलेबाजों की जुमलेबाजी में लोग फंसने वाले नहीं है। सेक्टर-19 मुख्य चुनाव कार्यालय पर मौजूद कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत के टिप्स देते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आज नया जमाना है इसलिए चुनाव में प्रचार भी नए दौर के अनुसार किया जाए।
जींस वालों को जींस वाले व मोबाइल वालों को मोबाइल वाले ही तर्क देकर कांग्रेस और भाजपा की नीतियों में फर्क बताकर उन्हें अपने पक्ष में करने का काम करें वहीं नौजवान महिलाओं, लड़कियों व जींद वालों के अलग-अलग टोलियां बनाकर अपने-अपने वर्ग के अनुसार लोगों को लुभाने का काम करें। उन्होंने कहा कि तपती गर्मी में चुनावी तापमान भी शिखर पर है इसलिए चुनावी जोश को और तेज धार देते हुए जहां दोपहर पहले और दोपहर बाद सायं को सभाओं के माध्यम से भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर कर लोगों को कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का काम करें वहीं दोपहर के समय डोर टू डोर जाकर प्रचार प्रसार में जुट जाए क्योंकि अब शेष एक हफ्ते का संघर्ष ही कांग्रेस को सत्तासीन करने में सहायक सिद्ध होगा।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



