कैथल: इनैलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला कैथल में पहुंचकर पार्टी कार्यकत्र्ताओं से रूबरू होते हुए उनका कुशलक्षेम पूछा। चौटाला ने कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में आपके बीच आऊंगा, बेशक उसके लिए मुझे जेल तोड़कर क्यों न आना पड़े। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने षड्यंत्र रचकर उन्हें जेल भेजा है। इनैलो सुप्रीमो ने कहा कि जो कार्यकत्र्ता पार्टी छोड़कर चले गए हैं उनकी कोई सिफारिश न करें क्योंकि उन्हें वापस इनैलो परिवार में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि आने वाला समय व सरकार आप लोगों की है।
कार्यकत्र्ता सक्रिय होकर पार्टी के लिए कार्य करने में जुट जाएं। चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हर वर्ग के लोग दुखी व निराश हैं, नोटबंदी के चलते व्यापार ठप होकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में आपकी सरकार बनने वाली है। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं से आग्रह किया कि वे पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाए। चौटाला ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। उन्होंने कहा कि वह 3200 युवाओं को नौकरी देने पर जेल में हैं, लेकिन अब की बार इनैलो की सरकार आने पर प्रदेश का एक भी पढ़ा-लिखा युवा नौकरी से वंचित नहीं रहेगा, बेशक उन्हें फांसी पर क्यों न झूलना पड़े। इस मौके पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं इनैलो नेता रामपाल माजरा, वरिष्ठ इनैलो नेता कैलाश भगत, इनैलो जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा भी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



