चंडीगढ़ : जननायक जनता पार्टी के युवा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के नाम पर जीतकर आज प्रदेश की भाजपा 75 से ज्यादा सीटें जीतकर वापस सत्ता में आने की बात कर रही है लेकिन पिछले साढ़े चार सालों से इन्होंने प्रदेश की क्या हालत बना दी, उसकी उन्हें कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार ने हरियाणा को मात्र बेरोजगारी, अपराध, नशाखोरी, महंगाई और घोटालों के मामले में अवल बनाकर छोड़ दिया है।
दिग्विजय चौटाला ने प्रदेश की बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि हरि के निवास के नाम से जानने वाले हरियाणा को बेलगाम भाजपा सरकार और बेपरवाह प्रशासन ने अपराध का गढ़ बना दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज भाजपा के राज में प्रदेश के इतिहास के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। दिग्विजय ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का इतना बुरा हाल है कि हर दिन दो हत्याएं और तीन बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा राज में बदमाशों को इतनी खुली छूट मिली हुई है कि वो सीएम सिटी करनाल में एक डॉक्टर और फरीदाबाद में एक कांग्रेस नेता की सरेआम गोली मार कर हत्या कर देते है। दिग्विजय ने कहा कि हर रोज हो रही ऐसी अपराधिक घटनाओं की वजह से प्रदेश के लोग भय भरे माहौल में जीने को मजबूर हैं लेकिन भाजपा सिर्फ 75 प्लस सीटें हासिल करने में लगी हुई है।
वहीं दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में पुलिसिया तंत्र की भारी कमी से भी अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस में 27 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस में 61,346 पद होने चाहिए लेकिन इसके बजाय 44,502 ही पुलिस कर्मचारी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनसंख्या के हिसाब से प्रदेश में इतनी पुलिस की संख्या बहुत कम है और जिसकी वजह से आज बदमाश खुलेआम घूम रहे है।


Download Android App
Download iOS App



