हरियाणा : BJP नेताओं को बंधक बनाने पर सांसद का विवादित बयान, आंख निकालने और हाथ काटने की दी धमकी

Summary :

बीजेपी नेताओं को किसानों द्वारा बंधक बनाए जाने पर पार्टी के तमाम आला नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का पुतला जलाया।

हरियाणा के रोहतक में किलोई गांव के प्राचीन शिव मंदिर में बीजेपी नेताओं को किसानों द्वारा बंधक बनाए जाने पर पार्टी के तमाम आला नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का पुतला जलाया। बीजेपी सांसद अरविंद शर्मा ने घटना के पीछे भूपेंद्र हुड्डा की साजिश बताते हुए विवादित बयान दिया।
शनिवार को प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए बीजेपी सांसद अरविंद शर्मा ने कांग्रेस और पार्टी नेताओं भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा पर हमला किया और कहा कि मनीष ग्रोवर को निशाना बनाया गया क्योंकि दीपेंद्र हुड्डा उनकी वजह से लोकसभा चुनाव हार गए थे।


अरविंद शर्मा ने कांग्रेस और पार्टी नेता दीपेंद्र हुड्डा को चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘अगर मनीष ग्रोवर के खिलाफ आंख तरेरी तो उस आंख को निकाल दिया जाएगा और अगर कोई हाथ उठाया गया तो वह हाथ काट दिया जाएगा। बख्शेंगे नहीं।” प्रदर्शन में रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा समेत पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता छोटू राम चौक पर मौजूद थे।

दरअसल, शुक्रवार को मनीष ग्रोवर और कुछ अन्य बीजेपी नेताओं को रोहतक के किलोई में एक मंदिर के परिसर में किसानों ने घंटों तक रोके उन्हें बंधक बनाए रखा। बीजेपी ने शुक्रवार की घटना का आरोप लगाते हुए रोहतक में शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया।

Desk Team