मुख्य सचिव ने ‘जल जीवन मिशन’ के तहत आयुक्तों के साथ की समीक्षा

Summary :

मुख्य सचिव ने यह निर्देश आज यहां उच्चाधिकारियों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ ‘जल जीवन मिशन’ योजना की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

चण्डीगढ़ : हरियाणा की मुख्य सचिव श्रीमती केशनी आनन्द अरोड़ा ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए कि ‘जल जीवन मिशन’ के तहत ग्रामीण क्षेत्र के घरों में 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए प्राथमिकता आधार पर कार्य किए जाएं ताकि 30 जून, 2022 तक शतप्रतिशत घरों में कार्यात्मक घरेलू नल कनैक्शन उपलब्ध करवाने का लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके। मुख्य सचिव ने यह निर्देश आज यहां उच्चाधिकारियों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों के साथ ‘जल जीवन मिशन’ योजना की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। 
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मिशन के तहत सर्वप्रथम ग्रामीण क्षेत्र में सर्वे किया जाए कि कितने घरों में नल से जल उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अलावा यह भी सर्वे किया जाए कि कितने घरों में पानी के अवैध कनेक्शन हैं। इस कार्य में सक्षम युवाओं को शामिल किया जाए। सर्वे के परिणामों को पानी और सीवर के लिए बिलिंग सूचना प्रणाली (बिसवास) के डाटा के साथ मिलान करने पर वैध और अवैध कनैक्शनों की पहचान की जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ऐसे अवैध कनेक्शनों को 31 मार्च, 2020 तक वैध किया जाए, इसके लिए सरकार द्वारा एक योजना बनाई गई है, जिसके तहत विभाग द्वारा कर्मचारी घर-घर जाकर अवैध कनेक्शन को वैध करने के लिए मकान मलिक से सहमति लेकर मौके पर ही वैध कनेक्शन की सारी प्रक्रिया पूरी करेगा। उन्होंने जिला उपायुक्तों को निर्देश देते हुए कहा कि इस मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा करें। 
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 31.32 लाख घर हैं और सर्वे के आधार पर 16.67 लाख घरों में कार्यात्मक घरेलू नल कनैक्शन उपलब्ध हैं तथा शेष 14.56 लाख घरों का सर्वे 31 मार्च, 2020 तक पूरा किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2022 तक शतप्रतिशत घरों में कार्यात्मक घरेलू नल कनैक्शन उपलब्ध करवाने के लक्ष्य के तहत तीन चरणों में कार्य योजना तैयार की गई है। 
पहले चरण में 30 सितंबर, 2020 तक 22.07 लाख घरों, दूसरे चरण में 30 जून, 2021 तक 25.20 लाख घरों और तीसरे व अंतिम चरण में 31.32 लाख घरों को शतप्रतिशत कार्यात्मक घरेलू नल कनैक्शन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस मिशन के तहत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में 53.47 प्रतिशत घरों में कार्यात्मक घरेलू नल कनैक्शन उपलब्ध करवाकर हरियाणा देश में चौथे स्थान पर है।

Desk Team