हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को कहा कि हिसार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और परीक्षण के तहत वहां जल्द एक बड़ा विमान उतारा जाएगा।
चौटाला ने यह भी कहा कि हवाई अड्डे के तीव्र निर्माण के साथ ही सरकार हिसार को हरियाणा का सबसे बड़ा विनिर्माण केंद्र बनाने से जुड़ी विशेष योजना पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हिसार में महाराजा अग्रसेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण से विकास के नए आयाम पैदा होंगे और इससे शहर एवं राज्य के लोगों को बड़े पैमाने पर फायदा मिलेगा।
चंडीगढ़ में जारी एक बयान के मुताबिक, चौटाला ने कहा कि हवाई अड्डे के रनवे का निर्माण अगले साल मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को रनवे पर एक बड़े विमान को उतारकर परीक्षण किया जाएगा।
चौटाला ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार हिसार में संयुक्त रूप से 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र में एक एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर स्थापित करने की योजना बना रहे हैं और इस संबंध में जल्द ही एक महत्वपूर्ण बैठक की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



