EASI Shoots Himself Rohtak: रोहतक के कलानौर थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। इलाके में डायल 112 (ERV) पर तैनात EASI कुलदीप ने अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने सिर में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी स्थिति नाजुक हो गई। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
EASI कुलदीप ने क्यों उठाया खौफनाक कदम?
बता दें कि रोहतक में 53 वर्षीय EASI कुलदीप ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कुलदीप झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे और फिलहाल रोहतक के कमला नगर में रहकर पुलिस विभाग में सेवा दे रहे थे। बताते चले कि कुलदीप की ड्यूटी कलानौर थाने में ERV गाड़ी पर लगी हुई थी। खबर है कि मरने से पहले वो थाने में मौजूद थे और खाना खाने के लिए नीचे गए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने थाना के बाहर खुद को गोली मार ली।
15 साल से रोहतक में थे, फिर क्या हुआ अचानक?
इतना ही नहीं कुलदीप पिछले 15 साल पहले गांव से रोहतक आ गए थे। उनके परिवार में पत्नी और 3 बच्चे हैं। घटना को लेकर परिवार वालों का कहना है कि उन्हें किसी तरह का कोई घरेलू तनाव नहीं था, इसलिए इस मामले की पूरी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस घटना को लेकर कलानौर थाना के SHO सतपाल सिंह ने बताया कि घटना थाने के नीचे ही हुई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए PGI भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच कई सबूतों के आधार पर की जा रही है।
यह भी पढ़ें: कच्चे तेल की कीमत में उछाल, पेट्रोल डीजल के भाव में आया बदलाव, जानें आज का ताजा रेट






















